पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्रामीण कार्य, सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, खेल, शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अभय कुमार सिंह को ग्रामीण कार्य विभाग की कमान
2004 बैच के आईएएस अधिकारी अभय कुमार सिंह को ग्रामीण कार्य विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वह अब तक सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग के सचिव थे। नए आदेश तक वे आईटी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
देवेश सेहरा को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग
2005 बैच के आईएएस अधिकारी देवेश सेहरा को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव बनाया गया है। इससे पहले वे ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत थे। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
खेल विभाग की जिम्मेदारी दीपक आनंद को
2007 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक आनंद को खेल विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत थे।
राजीव रौशन के पास अतिरिक्त विभाग
2010 बैच के अधिकारी राजीव रौशन, जो वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव हैं, उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षा विभाग और खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा वे वित्त विभाग में सचिव (संसाधन) की जिम्मेदारी भी निभाते रहेंगे।
रचना पाटिल को कृषि विभाग का अतिरिक्त दायित्व
वित्त विभाग में सचिव (व्यय) के पद पर कार्यरत 2010 बैच की आईएएस अधिकारी रचना पाटिल को अगले आदेश तक कृषि विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
धर्मेंद्र कुमार को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी
सरकार ने धर्मेंद्र कुमार को शिक्षा विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया है, जिससे विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश की गई है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया है। माना जा रहा है कि इससे विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।


