Tuesday, September 22, 2026

फेसबुक पर देश विरोधी पोस्ट डालने के मामले में अंडा विक्रेता गिरफ्तार

Share

पाकिस्तान के समर्थन में कई दिनों से फेसबुक पर डाल रहा था वीडियो

बिहिया.

नगर पंचायत बिहिया के वार्ड नंबर पांच निवासी एक युवक को फेसबुक पर देश विरोधी पोस्ट डालना काफी महंगा पड़ गया. मामले के संज्ञान में आते ही बिहिया पुलिस ने शुक्रवार की सुबह बिहिया नगर के वार्ड नंबर 13 में थोक अंडा का दुकान चलानेवाले युवक को हिरासत में ले लिया और थाने ले आयी. पकड़े गये युवक का नाम शहजाद आलम उर्फ गोल्डेन अंसारी है, जो कि बिहिया नगर के वार्ड नंबर 5 निवासी जैनुद्दीन अंसारी का पुत्र है. युवक की गिरफ्तारी के बाद थाने में लोगों की भीड़ लगी रही. जानकारी के अनुसार पहलगाम में हुई घटना के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाये गये ऑपरेशन सिंदूर के दौरान से लेकर अब तक देश विरोधी पोस्ट लगातार फेसबुक पर पोस्ट कर रहा था. उसके द्वारा फेसबुक पर डाले गये पोस्ट में पूरी तरह पाकिस्तान का समर्थन किया जा रहा था. बताया जाता है कि शहजाद आलम के फेसबुक एकाउंट पर उसके साथ पाकिस्तान के कई युवक जुड़े हुए हैं. उक्त पाकिस्तानी युवकों द्वारा डाले गये पोस्ट को यह अपने फेसबुक एकाउंट से भी पोस्ट किया करता था. इस बीच बिहिया नगर के कई युवकों की नजर जब फेसबुक पर पोस्ट किये गये उन आपत्तिजनक देश विरोधी वीडियो पर पड़ी, तो उन्होंने इसकी सूचना तमाम वरीय पदाधिकारियों को सबूत के साथ भेज दिया, जिसके बाद हरकत में आयी बिहिया पुलिस ने युवक को उसके घर से धर दबोचा. पकड़े गये युवक से कई वरीय पदाधिकारियों ने भी पूछताछ की है और उसके पाकिस्तान कनेक्शन की भी जांच की जा रही है. बिहिया थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि युवक के खिलाफ सोशल मीडिया पर देश विरोधी पोस्ट करने के मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी है और उसे गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस इस मामले में पूरी सतर्कता के साथ कदम उठा रही है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News