Tuesday, July 14, 2026

पहलगाम अटैक के खिलाफ लोगों में गम और गुस्सा, पटना की सड़कों पर भी दिखा आक्रोश

Share

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ देशभर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। पटना में सिख समुदाय के लोगों ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला। दीघा विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने भी कैंडल मार्च निकालकर आक्रोश जताया। फतुहार औरंगाबाद बेगूसराय गया हाजीपुर भोजपुर सिवान और बक्सर समेत कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हुए।

Hero Image

पटना। पहलगाम में आतंकी हमले के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन जारी है। राजधानी पटना के पटना सिटी में सिख समुदाय के लोगों ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के मुख्य द्वार से विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आतंकी हमले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की केंद्र सरकार से मांग की।

दीघा विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने स्थानीय विधायक डॉ. संजीव चौरसिया की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला और बर्बर आतंकी हमले को लेकर अपने आक्रोश का इजहार किया।

मार्च की शुरुआत बेली रोड स्थित ब्रह्मस्थानी गली से हुई जो शेखपुरा मोड़, आईजीआईएमएस, राजाबाजार होते हुए वापस लौटकर सभा में तब्दील हो गई। प्रदर्शन के दौरान लोग बाहों पर काली पट्टी बांधे हुए थे।

तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते लोग।

पटना जिले के फतुहार में आरएसएस और भाजपा के लोगों ने विरोध मार्च निकाला। वहीं, औरंगाबाद के ओबरा एवं कारा बाजार में कैंडल मार्च निकाला गया। औरंगाबाद में रमेश चौक पर युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की।

पहलगाम हमले को लेकर लोगों में दिख रहा आक्रोश।

बेगूसराय में कांग्रेस, भाजपा, विद्यार्थी परिषद, एआईएसएफ, विश्व हिंदू परिषद समेत विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। गया में भाजपा ने पाकिस्तान का पुतला फूंका। हाजीपुर में अंतर राष्ट्रीय हिन्दू परिषद सहित विभिन्न संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया।

अधिवक्ताओं ने भी आतंकी हमले में मृतकों के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी। भोजपुर और सिवान में जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदर्शन कर कैंडल मार्च निकाला गया।

बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल के कोरान सराय से निकला आक्रोश मार्च निकाला। मार्च में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगे। राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट के युवाओं ने रोड पर उतरकर हमले के खिलाफ रोष जताया।

Read more

Local News