पटना में घने कोहरे के कारण हवाई यातायात बाधित हुआ है। दिल्ली से आने वाली फ्लाइट को रायपुर डायवर्ट कर दिया गया है। कोहरे के चलते 43 उड़ानें लेट हो गई हैं और 8 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात रहने की आशंका जताई है।
पटना। राजधानी पटना में मंगलवार को घने कोहरे का असर जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिखा। कम विजिबिलिटी के कारण हवाई परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान पटना एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कुल 43 उड़ानें विलंब से संचालित की गईं।
इनमें 21 आगमन और 22 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल रहीं, जो 25 मिनट से लेकर तीन घंटे तक देरी से चलीं। उड़ानों में विलंब के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही रनवे पर दृश्यता मानक से नीचे रहने के कारण विमानों की लैंडिंग और टेकआफ में दिक्कतें आईं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित रहीं। खराब मौसम के चलते इंडिगो एयरलाइंस की कुल आठ उड़ानें रद कर दी गईं। इनमें पटना-चेन्नई, पटना-बेंगलुरु, पटना-दिल्ली और पटना-हैदराबाद सेक्टर की फ्लाइट्स शामिल थीं।
इसके अलावा, दिल्ली से सुबह 11:15 बजे पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-6389 को रायपुर डायवर्ट कर दिया गया। पटना एयरस्पेस में विमान ने लैंडिंग की अनुमति के लिए एटीसी से संपर्क किया, लेकिन विजिबिलिटी कम होने के कारण विमान को पटना के आसमान में तीन चक्कर लगाने के बाद रायपुर भेज दिया गया। बाद में मौसम में आंशिक सुधार होने पर देर शाम उक्त फ्लाइट पटना में लैंड कर सकी।
फ्लाइट रद और विलंब होने से एयरपोर्ट टर्मिनल पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें करीब दो घंटे इंतजार के बाद फ्लाइट रद होने की सूचना दी गई। एयरलाइंस की ओर से अधिसंख्य यात्रियों को वैकल्पिक तिथि का टिकट दिया गया, जबकि कुछ यात्रियों ने यात्रा रद कर टिकट रिफंड के लिए आवेदन किया।
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी एयरलाइंस से अवश्य प्राप्त कर लें।


