Monday, June 22, 2026

16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम के गठन के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया रांची में शुरू हो गयी है.

Share

रांचीः 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम के गठन की प्रक्रिया सोमवार को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम मोरहाबादी में शुरू हुई.

आयोजित चयन ट्रायल में राज्य के विभिन्न जिलों से आए 55 जूनियर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

हॉकी इंडिया द्वारा 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए यह ट्रायल आयोजित किया गया. चयन प्रक्रिया में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया गया जिनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 2007 या उसके बाद की है. ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के कौशल, फिटनेस, गति, तकनीक और मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन का आकलन किया गया.

Many players appeared for trials for Jharkhand team for Junior Hockey Nationals

चयन ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों ने अपनी जगह पक्की करने के लिए पूरा दमखम दिखाया. मैदान पर खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और उत्साह देखने लायक था. चयनकर्ताओं ने प्रत्येक खिलाड़ी के प्रदर्शन का बारीकी से निरीक्षण किया ताकि राज्य की सर्वश्रेष्ठ टीम तैयार की जा सके.

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए जुलाई माह में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. इस कैंप में खिलाड़ियों को तकनीकी और रणनीतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उन्हें बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके.

Many players appeared for trials for Jharkhand team for Junior Hockey Nationals

विजय शंकर सिंह ने कहा कि झारखंड में हॉकी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. अब चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से और निखारा जाएगा. हमारा प्रयास है कि एक संतुलित और मजबूत टीम तैयार की जाए, जो कोयंबटूर में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड का बेहतर प्रतिनिधित्व करे और राज्य के लिए गौरवपूर्ण परिणाम लेकर आए.

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 18 सदस्यीय अंतिम टीम का चयन किया जाएगा. इसी टीम में से कप्तान का भी चयन होगा, जो राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की अगुवाई करेगा.

Many players appeared for trials for Jharkhand team for Junior Hockey Nationals

इस ट्रायल के दौरान हॉकी झारखंड के पदाधिकारी मनोज कोनबेगी, माइकल लाल, गुरमीत राव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन किया और चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया.

हॉकी झारखंड को उम्मीद है कि राज्य की जूनियर टीम इस बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को बेहतर स्थान दिलाने में सफल होगी. राज्य में हॉकी के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए खेल प्रेमियों को भी इस टीम से काफी उम्मीदें हैं.

Read more

Local News