रांची: जिला निर्वाचन अधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को नगड़ी स्थित ईवीएम (EVM) वेयर हाउस का मासिक बाहरी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और निर्वाचन आयोग के तय मानकों के अनुसार की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने परिसर की निगरानी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजामों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा और संचालन से संबंधित सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार हर महीने वेयर हाउस की सुरक्षा, तकनीकी व्यवस्था और रख-रखाव से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट समय पर तैयार कर निर्वाचन आयोग को भेजी जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, नगड़ी अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
