Saturday, May 30, 2026

धनबाद स्कूल कांड की जांच करने पहुंची तीन अलग-अलग टीम, छात्र संगठन ने की रजिस्ट्रेशन रद्द करने की मांग

Share

धनबाद के एक निजी स्कूल में छात्राओं के साथ हुए बदसलूकी की जांच करने शिक्षा विभाग, डालसा और सीडब्ल्यूसी टीम पहुंची है

धनबाद: शहर के एक निजी स्कूल में पेन डे के दौरान शर्ट पर शुभकामनाएं लिखे जाने को लेकर दसवीं कक्षा के करीब 80 छात्राओं के साथ स्कूल के प्रिंसिपल ने शर्मनाक हरकत की थी. छात्राओं के शर्ट उतरवा कर महज ब्लेजर पर ही उन्हें घर भेजा गया था, जिसके बाद छात्राओं के अभिभावकों ने डीसी से शिकायत की थी.

इस मामले को लेकर सोमवार को एसडीएम राजेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी स्कूल जांच के लिए पहुंची. इसके साथ ही डालसा की टीम भी स्कूल पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है. वहीं सीडब्ल्यूसी की टीम भी स्कूल पहुंची है. सभी टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है. इस मौके पर डालसा सचिव ने कहा कि जांच चल रही है, कल तक रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी

वहीं दूसरी तरफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्कूल के मुख्य गेट पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा है और गेट को जाम कर दिया है. ABVP के नेता स्कूल का रजिस्ट्रेशन रद्द करने और प्रिंसिपल के ऊपर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं. डालसा की टीम जब मुख्य गेट पर पहुंची तो उन्हें पैदल ही स्कूल के अंदर जाना पड़ा. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता मुख्य गेट को जाम कर धरना पर बैठे हैं

बता दें कि गुरुवार को एक निजी स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्राओं के शर्ट को उतरवाकर सिर्फ ब्लेजर में ही उन्हें घर भेजा गया था. छात्राएं पेन डे मना रही थीं. इस मौके पर छात्राओं ने एक दूसरे के शर्ट पर शुभकामनाएं लिखी थी. जिसे देखकर प्राचार्य भड़क गई और फिर छात्राओं पर बेहद शर्मनाक करवाई की. अभिभावकों के द्वारा डीसी को शिकायत दिए जाने के बाद मामले की जांच पड़ताल की जा रही है

Read more

Local News