Saturday, April 18, 2026

धनबाद में 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार, किराए के मकान से चला रहे थे ठगी का धंधा

Share

धनबादः एक तरफ जहां साइबर अपराधी लगातार अपना ठिकाना चुनकर लोगों को निशाना बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से धनबाद साइबर पुलिस को साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में भी लगातार सफलता मिल रही है.

जनवरी माह में अब तक धनबाद साइबर थाने की पुलिस कुल 14 अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है. साइबर पुलिस को एक बार फिर से सफलता मिली है. एक फ्लैट में किराए पर रहकर साइबर ठगी का धंधा चलाने वाले 6 अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

दो राज्यों में शिकायतें दर्ज

बैंक मोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ा फाटक स्थित नंदलोक अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 303 से गिरफ्तार हुए सभी छह अपराधियों को जेल भेज दिया गया है. साइबर डीएसपी संजीव कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए अपराधियों के विरुद्ध तेलंगाना एवं राजस्थान में साइबर फ्रॉड करने की शिकायत दर्ज है.

इन अपराधियों ने दो अलग अलग मामलों में 75 हजार और 9 हजार की ठगी की है. डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में 4 अपराधी तेलंगाना और दो अपराधी बिहार के निवासी हैं.

बजाज फाइनेंस के नाम पर ठगी

मूल रूप से यह गिरोह बजाज फाइनेंस से लोन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेता था और प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन चार्ज तथा अन्य प्रकार के चार्ज बताकर ठगी करता था.

सतर्क रहने की सलाह

डीएसपी ने आम जनता से अपील की है कि लोग जागरूक बनें, सतर्क रहें और इस तरह के अपराधियों के द्वारा अगर किसी तरह का फोन कॉल आता है तो उनके झांसे में न आएं और सीधे साइबर थाना को सूचित करें.

Read more

Local News