साधारण सी झालमुड़ी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है. पीएम मोदी के इसे चखने के बाद लोगों की इसमें दिलचस्पी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है. दरअसल, 19 अप्रैल, 2026 को प्रधानमंत्री के झालमुड़ी खाने के बाद गूगल सर्च पर ‘झालमुड़ी’ की सर्च पिछले 22 वर्षों में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है. पीएम मोदी का झालमुड़ी खाते और दुकानदार से बात करते हुए वीडियो सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम और फेसबुक) पर तेजी से वायरल हुआ, जिसे पहले 24 घंटे में 10 करोड़ (100 मिलियन) से अधिक बार देखा गया.
रैली के बाद बिना किसी दिखावे के सड़क किनारे ठेले पर रुककर स्थानीय स्वाद का आनंद लेने के पीएम मोदी के अंदाज को लोग खूब पसंद कर रहे हैं. PM मोदी के अंदाज और इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, और इस पसंदीदा बंगाली स्नैक की लोकप्रियता रातों-रात आसमान छूने लगी है. नतीजतन, अब कई लोग घर पर ही इस चटपटे और तीखे स्नैक को बनाने की रेसिपी ढूंढ रहे हैं. इस खबर में ‘झालमुड़ी’ बनाने की रेसिपी दी गई है, जो इस प्रकार है…
झालमुड़ी एक लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है जिसका पूरे भारत में खूब आनंद लिया जाता है, हालांकि इसकी शुरुआत पश्चिम बंगाल में हुई थी. झाल का मतलब है मसालेदार, और मुड़ी का मतलब है मुरमुरे (puffed rice). झालमुड़ी एक मसालेदार मुरमुरे वाला स्नैक है जिसे सभी पसंद करते हैं. झालमुड़ी बनाने में सिर्फ 15 मिनट लगते हैं. इसे बनाने के लिए मुरमुरे, भुनी हुई मूंगफली, नमकीन या मिक्सचर, उबले हुए आलू, कटे हुए टमाटर, प्याज, खीरा, धनिया और कुछ अन्य जरूरी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है.
घर पर ऐसे बनाए पश्चिम बंगाल स्टाइल झालमुड़ी
एक बड़ा मिक्सिंग बाउल लें और उसमें 1.5 कप मुड़ी/मुरमुरे (जो भी आपको पसंद हो) डालें। 1/2 कप नमकीन/मिक्सचर (अपनी पसंद का कोई भी) डालें. एक खीरा, टमाटर, प्याज़ और उबले हुए आलू को बारीक काट लें। 2-3 हरी मिर्च डालें (अगर आपको मसालेदार पसंद नहीं है, तो आप इसे छोड़ सकते हैं). साथ ही, 1/3 कप भुनी हुई मूंगफली डालने से स्ट्रीट-स्टाइल वाला स्वाद आएगा.
अब 2/3 चम्मच नमक (स्वादानुसार) छिड़कें और अपनी झालमुड़ी में कोलकाता चाट का असली स्वाद पाने के लिए 2 बड़े चम्मच Alco का झाल-मुड़ी मसाला डालें। मिश्रण में 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल डालें और मुट्ठी भर कटा हुआ धनिया पत्ता डालें. 1/3 कप सेव (बारीक वाले इस्तेमाल करें) डालें और 1/2 नींबू का रस निचोड़ें. सभी चीजों को एक बार फिर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाला झालमुड़ी में एक जैसा मिल जाए. मुरमुरे के नरम पड़ने से पहले इसे तुरंत परोसें, और घर पर ही स्ट्रीट फूड के चटपटे स्वाद का आनंद लें.
अलग-अलग इलाकों में इसे अलग-अलग नामों से जाना जाता है
झालमुड़ी एक मशहूर स्ट्रीट फूड है, जो मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल से जुड़ा है, हालांकि, भारत के अलग-अलग हिस्सों में इसे कई नामों से जाना जाता है और इसमें थोड़े-बहुत बदलाव भी देखने को मिलते हैं. उदाहरण के लिए, महाराष्ट्र और देश के कई दूसरे हिस्सों में इसे ‘भेलपूरी’ कहा जाता है, इस रूप में इमली की चटनी का इस्तेमाल खास तौर पर किया जाता है, जबकि कर्नाटक में इसे ‘चुरमुड़ी’ और ‘गिरमिट’ के नाम से जाना जाता है.


