Monday, May 25, 2026

झारखंड के मौसम पर डबल असर आगामी दिनों में देखने को मिल सकता है.

Share

रांचीः झारखंड में मौसम ने दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है. राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में जहां भीषण गर्मी और उष्ण लहर का असर देखने को मिल सकता है, वहीं कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम केंद्र रांची की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 25 और 26 मई को लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.

25 मई को इन जिलों में हीटवेव का खतरा

25 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में उष्ण लहर यानी हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है. इसमें मुख्य रूप से गढ़वा, पलामू और चतरा जिले शामिल हैं. इन इलाकों में तेज गर्म हवाएं और तापमान लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं.

Impact of severe heat in northwestern part of Jharkhand

डालटनगंज में प्रचंड गर्मी

पिछले 24 घंटे में झारखंड में गर्मी का असर काफी तेज रहा. राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. सबसे ज्यादा तापमान डालटनगंज में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म इलाका बना रहा. रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

इन जिलों में पारा 40 डिग्री या ज्यादा

जमशेदपुर में पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा रहा. बोकारो थर्मल में 42.1 डिग्री और चाईबासा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन के अनुसार देवघर में 40.4 डिग्री, कोडरमा में 40.5 डिग्री और सरायकेला में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. कई इलाकों में दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ा.

25 मई को यहां बदल सकता है मौसम

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भागों में मौसम करवट ले सकता है. कई जगहों पर गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है. इन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है जिसमें धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, रांची, खूंटी और गुमला शामिल हैं. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.

26 मई को दूसरे दिन भी रहेगा लू का असर

26 मई को भी उत्तर-पश्चिमी झारखंड में हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना है. मौसम केंद्र ने फिर से गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में उष्ण लहर चलने का अनुमान जताया है.

Impact of severe heat in northwestern part of Jharkhand

26 मई को इन इलाकों में आंधी-बारिश!

26 मई को राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है. उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में गरज के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, इनमें धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, कोडरमा जबकि दक्षिणी और मध्य झारखंड के रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़ जिलों में भी गरज-चमक, तेज हवा और बारिश के आसार हैं. यहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Read more

Local News