Sunday, April 26, 2026

जिला कांग्रेस कमिटी के हालिया विस्तार के बाद पहली बार झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और झारखंड प्रभारी सिमडेगा पहुंचे.

Share

जिला कांग्रेस कमिटी के हालिया विस्तार के बाद शनिवार को पहली महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और झारखंड प्रभारी डॉ. के. राजू पहली बार सिमडेगा पहुंचे. उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया.

बैठक में संगठन विस्तार के उपरांत नवचयनित जिला कमेटी सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए. साथ ही उन्हें संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तरीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया.

झारखंड प्रभारी डॉ. के. राजू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस बार पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में व्यापक पहल की है. उन्होंने कहा कि नई कमेटी के गठन का उद्देश्य पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करना है. उन्होंने विश्वास जताया कि नवगठित टीम दोगुने उत्साह, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी.

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसका संगठन होता है. यदि संगठन मजबूत होगा तो पार्टी हर चुनौती का सामना कर सकती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया. बैठक के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया और पार्टी को आगामी चुनावों के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता जताई.

बैठक सकारात्मक माहौल और नए उत्साह के साथ सम्पन्न हुई. हालांकि कमिटी विस्तार में सम्मानित पद नहीं दिए जाने पर कुछ कांग्रेसी नेताओं द्वारा इस्तीफा भी दिए जाने की बात सामने आयी है, जिसमें जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शमी आलम, रावेल लकड़ा एवं कौशल किशोर रोहिल्ला शामिल है. इस संबंध में पूछे जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घर की बात है. वे सभी से बात कर मना लेंगे.

Read more

Local News