राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 के 36वें मैच में 36 गेंद में सेंचुरी जड़कर इतिहास रच दिया. ये आईपीएल की तीसरी सबसे तेज सेंचुरी थी. पहली 30 गेंद पर क्रिस गेल ने बनाई थी जबकि दूसरी 35 गेंद में बनी थी, जिसे वैभव ने ही पिछले सीजन में बनाया था.
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में वैभव ने सिर्फ 37 गेंदों में 5 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 103 रन बनाए. इस शतकीय पारी के साथ ही उन्होंने T20 क्रिकेट में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया. वह T20 फॉर्मेट में सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. ऐसा करके उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मिच ओवेन के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया.
वैभव सूर्यवंशी का वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी T20 फॉर्मेट में सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, यह रिकॉर्ड उन्होंने खेली गई गेंदों की संख्या के आधार पर बनाया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड मिचेल ओवेन के नाम था. उन्होंने T20 क्रिकेट में सबसे तेज 1,000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, यह उपलब्धि उन्होंने 533 गेंदों में हासिल की थी. अब, सिर्फ 473 गेंदों में 1,000 रन बनाकर वैभव सूर्यवंशी ने इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स हैं, जिन्होंने 558 गेंदों में 1,000 T20 रन बनाए थे.
एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के
इस मैच में वैभव ने अपनी 103 रनों की पारी में 12 छक्के लगाए. जिसके साथ वो आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए. इससे पहले ये रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम था. उन्होंने 2010 में सीएसके के लिए खेलते हुए एक पारी में 11 छक्के लगाए थे.
वैभव के दूसरे रिकॉर्ड
- पारी के पहले ओवर में 4 छक्के जड़ने वाले बने पहले बल्लेबाज
- आईपीएल में सबसे तेज 15 पारी में 50 छक्के पूरे करने वाले बने
- इस सीजन में सबसे ज्यादा रन-375 और सबसे ज्यादा छक्के-32
IPL में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन
T20 फॉर्मेट में वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 26 मैच खेले हैं. इन 26 पारियों में उन्होंने 42.32 की औसत से 1,058 रन बनाए हैं. ये सभी रन उनके बल्ले से 213.73 के स्ट्राइक रेट से निकले हैं. इस दौरान, उन्होंने सफलतापूर्वक 4 शतक और 3 अर्धशतक बनाए हैं. वहीं, IPL में वैभव ने अब तक 15 मैच खेले हैं, इन 15 पारियों में उन्होंने 40.60 की औसत से 609 रन बनाए हैं. इस दौरान, उनका स्ट्राइक रेट 222.26 रहा है. इस लीग में, उन्होंने 2 शतकीय पारियां और 3 अर्धशतकीय पारियां भी खेली हैं.
हैदराबाद ने राजस्थान को हराया
राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मैच की बात करें तो, राजस्थान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर कुल 228 रन बनाए. जवाब में, SRH ने 18.3 ओवरों में 5 विकेट खोकर 229 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया. RR की ओर से वैभव ने शतक बनाया, लेकिन उनकी टीम को अंततः हार का सामना करना पड़ा. वहीं, SRH की ओर से ईशान किशन ने 31 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली, जबकि अभिषेक ने 29 गेंदों में 57 रनों का योगदान दिया.


