Wednesday, April 22, 2026

जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता राज्य के नये लोकायुक्त के रूप में शपथ ली,राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनको पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

Share

रांचीः जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता राज्य के नये लोकायुक्त बनाए गए हैं. मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोकायुक्त अमिताभ कुमार गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, राज्यसभा सांसद महुआ माजी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामना दी

शपथपत्र के बाद नवनियुक्त लोकायुक्त को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामना दी. शपथग्रहण के बाद जस्टिस गुप्ता अपने कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पदभार ग्रहण किया. इस मौके पर कार्यालय कर्मियों से कामकाज की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए. इस मौके पर नये लोकायुक्त ने कोर्ट रुम से लेकर कार्यालय कक्ष का निरीक्षण किया और लोकायुक्त एक्ट की कॉपी की मांग की. कार्यालय कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए इसे उपलब्ध कराया, तत्पश्चात उन्होंने परिवार के साथ लंबे समय से खाली पड़े लोकायुक्त आवास का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए.

लंबित मामले की तेजी से सुनवाई होगी प्राथमिकता

राज्य के नये लोकायुक्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने ईटीवी भारत संवाददाता भुवन किशोर झा से खास बातचीत में कहा कि भ्रष्टाचार के करीब तीन हजार लंबित मामलों की सुनवाई पहले होगी. कोशिश होगी जो भी मामले सामने आयेंगे उसका तेजी से निपटारा हो. उन्होंने कहा कि आज पहला दिन है मैं सभी चीजों को समझ रहा हूं.

बहरहाल नये लोकायुक्त के आते ही कार्यालय गुलजार हो गया है और उम्मीद की जा रही है कि भ्रष्टाचार के नये और पुराने मामले की सुनवाई में तेजी आयेगी. गौरतलब है कि लंबे समय से न्यायिक सेवा में योगदान देने वाले जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता को त्वरित न्याय देने के लिए जाना जाता है. इससे पहले झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष रहे नवनियुक्त लोकायुक्त अमिताभ कुमार गुप्ता 1997 में न्यायिक सेवा में आए थे और संयुक्त बिहार के समय एडीजे के रूप में योगदान दिए थे.

अगले पांच वर्षों तक लोकायुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे

बहुचर्चित चारा घोटाला केस की सुनवाई करने वाले जस्टिस अमिताभ गुप्ता वर्ष 2013 में झारखंड उच्च न्यायालय के जज बने थे और 30 मई 2021 को वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे. इसके बाद आरआरडीए ट्रिब्यूनल के चेयरमैन के रूप में उन्होंने कार्य किया था. अब लोकायुक्त की जिम्मेदारी अगले पांच वर्षों तक वह संभालेंगे.

Read more

Local News