Saturday, November 7, 2026

छठ पर पटना जंक्शन हाई अलर्ट पर, सुरक्षा में 150 अतिरिक्त जवान तैनात; डॉग और बम स्क्वायड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

Share

Patna News, 7 November 2026: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दूसरे राज्यों से बिहार लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पटना जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। शनिवार को रेल एसएसपी रश्मि और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रिय रंजन के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसमें डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी लगाया गया।

प्लेटफॉर्म से पार्किंग तक चला सर्च ऑपरेशन

सुरक्षा टीम ने पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग स्थलों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर नजर रखी गई। यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई।

डॉग स्क्वायड ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की, जबकि बम निरोधक दस्ते ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।

तीन एजेंसियों के 150 अतिरिक्त जवान तैनात

छठ के दौरान दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा और गुजरात समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार लौटते हैं। इससे पटना जंक्शन पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है।

इसे देखते हुए तीन सुरक्षा एजेंसियों के 150 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। इनमें:

  • आरपीएफ के 75 जवान
  • जीआरपी के 25 जवान
  • पटना जिला प्रशासन के 50 होमगार्ड जवान

शामिल हैं। सभी जवानों को अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पार्किंग में खड़े वाहनों की भी हुई जांच

आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रिय रंजन और जीआरपी की एएसपी रश्मि की मौजूदगी में महावीर मंदिर और करबिगहिया की ओर स्थित पार्किंग स्थलों में खड़े वाहनों की तलाशी ली गई।

कारों और अन्य वाहनों की डिक्की खुलवाकर जांच की गई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालय में यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई। अभियान में आरपीएफ इंस्पेक्टर साकेत कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह भी शामिल रहे।

नशाखुरानी गिरोह से सतर्क रहने की अपील

सुरक्षा अभियान के दौरान यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह से बचने के लिए जागरूक किया गया। रेल पुलिस और आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों, कुलियों और वाहन चालकों को अनजान लोगों से खाने-पीने की चीजें नहीं लेने की सलाह दी।

इसके साथ ही यात्रियों से अपने सामान पर खुद नजर रखने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल रेल पुलिस अथवा आरपीएफ को देने की अपील की गई।

चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई गई निगरानी

पटना जंक्शन के अलावा दानापुर, पाटलिपुत्र और राजेंद्र नगर टर्मिनल पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। छठ महापर्व तक इन स्टेशनों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती, नियमित गश्त और विशेष जांच अभियान जारी रखने की तैयारी है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Table of contents [hide]

Read more

Local News