गिरिडीह: उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पैदल भ्रमण करते हुए निर्माणाधीन स्थलों का जायजा लिया और क्षेत्र की आवश्यकताओं के साथ स्थानीय विकास की संभावनाओं का आकलन किया।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों के साथ गांव में खाट पर बैठकर चर्चा की और संबंधित विभागों को जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने पीरटांड़ क्षेत्र में दो पीसीसी सड़क परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
पहली योजना के तहत मधुबन (उत्तरी पारसनाथ) पंचायत के पीपराडीह से दलवाडीह तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए 88.62 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दूसरी परियोजना में कोठाटांड़ से वाइल्ड लाइफ सीमा के अंतिम छोर से नदी तक सड़क निर्माण किया जाएगा, जिस पर 39.57 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
दोनों योजनाओं की कुल लागत 1.28 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी एनआरईपी, गिरिडीह को सौंपी गई है।
निरीक्षण के दौरान डुमरी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), पीरटांड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।


