रांची, 10 अक्टूबर 2026: खेलो झारखंड 2026-27 के तहत आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-17 बालक-बालिका वॉलीबॉल और फुटबॉल प्रतियोगिताओं में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश राय टाना भगत इंडोर स्टेडियम और प्रैक्टिस मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में वॉलीबॉल में गिरिडीह और गोड्डा, जबकि फुटबॉल में गुमला और पाकुड़ की टीमों ने खिताब अपने नाम किया।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वॉलीबॉल बालक वर्ग में गिरिडीह बना चैंपियन
वॉलीबॉल के बालक वर्ग में गिरिडीह ने कोडरमा को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर खिताब जीत लिया। कोडरमा की टीम उपविजेता रही।
इस वर्ग में कोडरमा के रौनक कुमार सिंह को सर्वश्रेष्ठ अटैकर, गिरिडीह के आकाश कुमार तांती को सर्वश्रेष्ठ सेटर और बोकारो के बिनीत कुमार को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुना गया। गिरिडीह के राहुल कुमार साहू को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
बालिका वॉलीबॉल में गोड्डा का दबदबा
बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गोड्डा ने 2-0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रामगढ़ की टीम उपविजेता रही। तीसरे स्थान के मुकाबले में लातेहार ने देवघर को 2-1 से हराया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में रामगढ़ की रोशनी को सर्वश्रेष्ठ अटैकर, लातेहार की रजनी कुमारी को सर्वश्रेष्ठ सेटर और देवघर की पलवी कुमारी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर (लिबेरो) चुना गया। गोड्डा की आशा किस्कू को वुमन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला।
बालिका फुटबॉल में गुमला ने टाई-ब्रेकर में मारी बाजी
फुटबॉल के बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। गुमला ने दुमका को टाई-ब्रेकर में 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। दुमका को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।
तीसरे स्थान के मुकाबले में रामगढ़ ने चतरा को 4-1 से पराजित किया। इस वर्ग में उषा कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच, मेरी हांसदा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और खुशबू कुमारी को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया।
बालक फुटबॉल में पाकुड़ ने जीता खिताब
फुटबॉल के बालक वर्ग में पाकुड़ की टीम ने साहिबगंज को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। साहिबगंज उपविजेता रहा।
तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में गिरिडीह ने गोड्डा को 4-3 से हराया। इस वर्ग में मंगल हांसदा को प्लेयर ऑफ द मैच, सुमित बासकी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और सुरेश मुर्मू को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।
खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर किया गया सम्मानित
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खेलो झारखंड 2026-27 के तहत इस वर्ष छह खेलों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना विभाग का लक्ष्य है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और खेल कोषांग के सदस्यों ने विजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
BHARATSUPERFASTNEWS
