Friday, November 6, 2026

खूंटी सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर पीएम मोदी और सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक, घायल युवती के जल्द स्वस्थ होने की कामना

Share

Khunti News, 6 November 2026: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे में एक युवती घायल हुई है, जिसका इलाज खूंटी सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

पीएम मोदी ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई गई। साथ ही हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

सीएम हेमंत सोरेन ने मारांग बुरु से की प्रार्थना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी कर्रा में हुए हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने घायल युवती के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

स्कूटी सवार की मदद के लिए जुटे थे लोग

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:45 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर पोड़ा से पहले जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर पुलिया के समीप झाड़ियों में गिर गया था। उसे मदद पहुंचाने के लिए आसपास की महिलाएं और बच्चे घटनास्थल के पास जमा थे।

इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 पहियों वाला ट्रक सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के दौरान 12 वर्षीय बच्चे ने तोड़ा दम

घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

रात करीब 11:15 बजे इलाज के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की भी मौत हो गई। इसके बाद मृतकों की कुल संख्या सात हो गई। घायल युवती की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। उसका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News