अगर आप क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. एक प्रमुख निजी बैंक, इंडसइंड बैंक ने अपने क्रेडिट कार्ड के नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जो लागू हो चुके हैं. इन नए नियमों के कारण अब ग्राहकों के लिए कार्ड का इस्तेमाल करना पहले से अधिक महंगा हो जाएगा. आइए जानते हैं कि आपके बजट पर इसका क्या असर पड़ेगा.
1. ब्याज का नियम हुआ सख्त
अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल चुकाने के बजाय केवल ‘मिनिमम ड्यू’ (न्यूनतम देय राशि) चुकाते हैं, तो अब आपको भारी नुकसान होगा. नए नियम के मुताबिक, बचा हुआ बकाया चुकाने तक ब्याज तो लगेगा ही, साथ ही आपकी ‘इंटरेस्ट-फ्री अवधि’ (बिना ब्याज के पैसे इस्तेमाल करने के दिन) भी तुरंत वापस नहीं मिलेगी. मुफ्त ब्याज की सुविधा दोबारा पाने के लिए ग्राहकों को लगातार दो बिलिंग चक्र तक अपने पूरे बिल का भुगतान समय पर करना होगा.
2. लेट पेमेंट फीस में बढ़ोतरी
बिल चुकाने में देरी करने वालों पर अब ज्यादा जुर्माना लगेगा.
501 रुपये से 1,000 रुपये के बकाये पर लेट पेमेंट फीस 350 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी गई है.
5,000 रुपये से 10,000 रुपये के बकाये पर अब 550 रुपये की जगह 750 रुपये देने होंगे.(नोट: क्लब विस्तारा एक्सप्लोरर और पायनियर कार्डधारकों को इस जुर्माने से छूट मिलेगी.)
3. पेट्रोल-डीजल भरवाना पड़ेगा महंगा
अब फ्यूल पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. यदि आप एक महीने में 30,000 रुपये से अधिक का पेट्रोल या डीजल खरीदते हैं, तो लिमिट पार होते ही 1% अतिरिक्त शुल्क और GST देना होगा. पहले यह लिमिट 50,000 रुपये थी, जिसे अब घटा दिया गया है.
4. ट्रैवल और ट्रांसपोर्ट पर एक्स्ट्रा चार्ज
कैब, बस, ट्रेन बुकिंग और टोल टैक्स जैसे ट्रांसपोर्ट खर्चों पर भी नकेल कसी गई है. यदि आप इन सेवाओं पर महीने में 40,000 रुपये से ज्यादा खर्च करते हैं, तो आपको 1% अतिरिक्त फीस और GST का भुगतान करना होगा.
5. विदेशी शॉपिंग पर बढ़ा खर्च
इंटरनेशनल वेबसाइट या विदेशी मर्चेंट से खरीदारी करने पर लगने वाले ‘डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन’ (DCC) चार्ज को जनरल और टाइगर क्रेडिट कार्ड के लिए 1% से बढ़ाकर 2% कर दिया गया है. इसके ऊपर GST अलग से लगेगा, जिससे विदेशी लेनदेन महंगे हो जाएंगे.
काम की बात: यह सभी बदलाव इंडसइंड बैंक के कार्डधारकों पर लागू हैं. अतिरिक्त खर्चों और भारी ब्याज से बचने का एकमात्र तरीका यह है कि आप अपने क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल हमेशा आखिरी तारीख से पहले चुकाएं.


