Sunday, July 5, 2026

कोईलवर स्टेशन ब्रिज के पास ट्रेन से गिरकर भागलपुर के पुरुषोत्तम कुमार की मौत

Share

आरा के कोईलवर स्टेशन ब्रिज के पास ट्रेन से गिरकर भागलपुर के पुरुषोत्तम कुमार की मौत हो गई। वह दिल्ली में कार्यरत थे और भागलपुर से दिल्ली जा रहे थे। रेल पुलिस ने आधार कार्ड से पहचान कर परिवार को सूचना दी। पुरुषोत्तम के परिवार में पत्नी और एक बेटी है।

आरा। पटना–पीडीडीयू रेलखंड के कोईलवर स्टेशन ब्रिज के अप लाइन पर शुक्रवार को ट्रेन से गिरकर भागलपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई। बाद में शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान भागलपुर जिला के नाथनगर थाना क्षेत्र के गांधी निकेतन गांव निवासी सुबोध चौधरी के 30 वर्षीय पुत्र पुरुषोत्तम कुमार के रूप में हुई। वे दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।

स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम गुरुवार की शाम भागलपुर से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन पर सवार हुए थे। शुक्रवार को ट्रेन जब कोईलवर स्टेशन ब्रिज के पास पहुंची, तभी अचानक वे संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। गिरने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पॉकेट से मिले आधार कार्ड से हुई पहचान

हादसे की जानकारी तब मिली, जब रेल पुलिस ने मृतक के पॉकेट से आधार कार्ड और टिकट बरामद किया और उस पर दर्ज नंबर से स्वजनों को फोन कर सूचना दी। खबर मिलते ही स्वजन आनन-फ़ानन में आरा रेल थाना पहुंचे।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया ।

मृतक अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पीछे पत्नी कोमल कुमारी और ढाई साल की पुत्री शुभलक्ष्मी है। हादसे की खबर सुनते ही पत्नी, मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Read more

Local News