पलामूः कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी के. राजू एसआईआर को लेकर शनिवार को पलामू जिला के कई इलाके का दौरा किया. जिला के पांकी, तरहसी और पाटन कई प्रखंडों का के. राजू ने दौरा किया और कार्यकर्ताओं से बातचीत की. इस दौरान विधायक सुरेश बैठा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी समेत कई बड़े कांग्रेस के नेता मौजूद रहे.
शनिवार की शाम पार्टी नेता के. राजू ने मेदिनीनगर में कांग्रेस जिला कमेटी के पदाधिकारी के साथ बैठक की. इस दौरान झारखंड में एसआईआर के मुद्दे को लेकर मीडिया से भी उन्होंने बातचीत की.
इस बीच वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के द्वारा सुरक्षा वापस करने और पूर्व मंत्री के त्रिपाठी की सुरक्षा के मामले में मीडिया द्वारा प्रश्न पूछे जाने पर कहा कि इस बारे में बाद में बात होगी. फिलहाल तो प्रदेश में चल रहे एसआईआर के मुद्दे पर जिला कमेटी से बात हो रही है.
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि सबसे पहले कांग्रेस पार्टी ने ही संविधान में मतदान का हक दिया. इसलिए कांग्रेस का प्रयास है कि कोई राजनीतिक दल इस अधिकार को आम लोगों से छीनने का प्रयास न कर सके. भारतीय जनता पार्टी ने एसआईआर को इसलिए लाया है ताकि कांग्रेस के वोटर्स को लिस्ट से बाहर किया जा सके. इन दोनों मुद्दों को ध्यान में रखकर ही कांग्रेस पार्टी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है.


