आलिया भट्ट वाईआरएफ की पहली फर्स्ट फीमेल लीड स्पाई यूनिवर्स फिल्म ‘ऐल्फा’ रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं. मेकर्स ने 10 जून को फिल्म का बहुप्रतीक्षित टीजर जारी किया. जहां दर्शकों से इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है, वहीं बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने इसकी जबरदस्त तारीफ की है. किंग खान और आलिया ने ‘डियर जिंदगी’ में साथ काम किया है और उनके बीच एक खास रिश्ता है. इसलिए, इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि किंग खान ने आने वाली फिल्म के लिए आलिया भट्ट को बधाई दी है.
टीजर रिलीज के बाद शाहरुख खान ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर उसे रिपोस्ट किया और टीम को बधाई दी. उन्होंने आलिया के एक्शन सीन की तारीफ करते हुए लिखा है, ‘बहुत बढ़िया आलिया, दिल तोड़ने से लेकर हड्डियां तोड़ने तक, तुम्हारा हुनर लगातार बढ़ रहा है. उम्मीद है.’
सीक्वल का हिंट देते हुए किंग खान ने आगे लिखा है, ”ऐल्फा’ लोगों का दिल जीतेगी और सीक्वल के लिए कुछ विलेन भी बचाकर रखेगी. जाओ और कमाल करके दिखा दो, सिग्मा गर्ल!’ उन्होंने बॉबी देओल की भी सराहना की है.
उन्होंने बॉबी के किरदार की तारीफ करते हुए लिखा है, ‘लॉर्ड बॉबी… जब आप विलेन का रोल करते हैं तो बहुत जबरदस्त लगते हैं. ढेर सारा प्यार.’ आखिरी में टीम को बधाई देते हुए उन्होंने लिखा है, ‘शिव और उनकी टीम को भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं.’बता दें शाहरुख खान ने बॉबी को ‘क्लास ऑफ 83’, ‘लव हॉस्टल’ और ‘द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड’ में कास्ट किया है.


शाहरुख खान के अलावा, बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान, एनिमल डायरेक्ट संदीप रेड्डी वांगा और कियारा आडवाणी का भी नाम शामिल इस लिस्ट में शामिल हैं. इन सितारों ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीजर को रिपोस्ट कर अपना समर्थन दिया है. संदीप ने इंस्टाग्राम पर टीजर साझा करते हुए लिखा है, ‘मुझे वह क्रूरता पसंद आई. आलिया के ‘ऐल्फा’ का इंतजार है. बॉबी सर… मुझे आपकी आवाज बहुत पसंद आई.’
‘ऐल्फा’ के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का टीजर जारी किया है, जिसमें आलिया भट्ट और बॉबी देओल की पहली झलक नजर आई. हालांकि, इस टीजर में शरवरी कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं. 1 मिनट 55 सेकंड के इस टीज़र में आलिया भट्ट को 18 साल की लड़की और बॉबी देओल को उनके पिता के तौर पर दिखाया गया है. आलिया के जन्मदिन पर, उनके पिता (बॉबी) उनसे ‘ऐल्फा’ मिशन शुरू करने के लिए कहते हैं, जिसकी तैयारी वे काफी समय से कर रहे थे. फिल्म के डायलॉग इशिता मोइत्रा ने लिखे हैं और कहानी उदय चोपड़ा ने लिखी है.
शिव रवैल की डायरेक्ट की गई फिल्म ‘ऐल्फा’ में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह स्पाई फ्रैंचाइजी की पहली ऐसी फिल्म है जिसमें फीमेल एक्ट्रेस लीड रोल में हैं. ‘ऐल्फा’ को पहले पिछले साल 25 दिसंबर को रिलीज किया जाना था. बाद में, फिल्म को इस साल अप्रैल में रिलीज करने का प्लान बनाया गया आख़िरकार, यह 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.


