सारा अर्जुन आज अपना 21वां जन्मदिन मना रही है. 21 साल की उम्र में उन्होंने वो मुकाम हासिल किया है, जो बी-टाउन की बड़ी हसीनाओं ने भी हासिल नहीं किया. इस 21 साल की एक्ट्रेस की डेब्यू फिल्म 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हुई है. आइए उनके जन्मदिन पर जानें उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मोंं और अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बारे में…
सारा अर्जुन ने एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ (2025) से लीड एक्ट्रेस के तौर पर बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने रणवीर सिंह के साथ काम किया. इस बड़े रोल से पहले, उन्हें हिंदी सिनेमा में एक मशहूर चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर जाना जाता था. उन्होंने सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म ‘एक थी डायन’ (2013) में अहम भूमिका निभाई थी.
लीड एक्ट्रेस के तौर पर सारा अर्जुन की पहली फिल्म स्पाई-एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ थी, जिसने दुनिया भर में 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. उन्होंने रणवीर सिंह के साथ इस फfल्म से बॉलीवुड में शानदार डेब्यू किया, जो भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी बॉक्स-ऑफिस ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक बन गई.
सारा अर्जुन की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म
सारा अर्जुन ने बॉलीवुड में सिर्फ दो फिल्में की हैं, एक ‘धुरंधर’ और दूसरी ‘धुरंधर 2’. सारा के करियर की सबसे ज्यादा कमाई फिल्म ‘धुरंधर 2’ रही है. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है. ‘धुरंधर 2’ वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1852.4 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है.
अन्य हीरोइनों की डेब्यू और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
बॉलीवुड की सक्सेफुल एक्ट्रेस की डेब्यू फिल्मों की बात करें, दीपिका पादुकोंण ने शाहरुख खान की फिल्म ओम शांति ओम से बॉलीवुड डेब्यू किया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 78 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि दुनियाभर में इसने 148 करोड़ रुपये कमाए थे. दीपिका की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘जवान’ है. इस फिल्म ने दुनियाभर में 1148.32 करोड़ रुपये कमाए थे.
आलिया भट्ट ने करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से बॉलीवुड में कदम रखा. इस फिल्म ने दुनियाभर में कुल 109.1 करोड़ रुपये कमाए थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आलिया की सबसे कमाऊ फिल्म एस.एस. राजामौली की ब्लॉकबस्टर ड्रामा आरआरआर है, जिसने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1111.10 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था.
कैटरीना कैफ ने डार्क कॉमेडी फिल्म ‘बूम’ से बॉलीवुड में एंट्री ली. इसने दुनियाभर में मात्र 9.95 करोड़ रुपये कमाए थे. कैटरीना की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म सलमान खान की टाइगर जिंदा है है. इस फिल्म ने दुनियाभर में 564.2 करोड़ रुपये कमाए हैं.
कियारा की बात करें तो उन्होंने 2014 में फगली फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. यह फिल्म कुछ खास नहीं चली. इसने दुनियाभर में मात्र 17.59 करोड़ रुपये कमाए. कियारा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘कबीर सिंह’ थी. इसने दुनियाभर में 379.02 करोड़ रुपये कमाए थे.
सारा अर्जुन के अपकमिंग प्रजोक्ट
आज सारा अर्जुन को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में उभरते हुए प्रमुख नामों में से एक माना जाता है. उन्होंने तमिल, तेलुगु और मलयालम सिनेमा सहित कई फिल्म इंडस्ट्री में काम करके अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. धुरंधर फ्रैंचाइजी की कामयाबी के बाद वह एक बड़े प्रोजेक्ट में नजर आ सकती है. अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह संजय लीला भंसाली की आगामी फिल्म मधुबाला में नजर आएंगी. हालांकि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.


