अगर आप पिक्सल फोन यूज़ करते हैं और एंड्रॉयड के लेटेस्ट अपडेट्स को तुरंत ट्राई करना पसंद करते हैं तो आज आपके लिए एक अच्छी ख़बर है. Android 17 का पहला QPR1 बीटा वर्ज़न रोलआउट होना शुरू हो गया है. यह अपडेट कोई नई और खास फीचर्स नहीं ला रहा है, बल्कि छोटी-मोटी परेशानियों को ठीक कर रहा है, जो डेली-लाइफ के इस्तेमाल में काफी तंग करती थीं. जैसे वॉइस ओवर आईपी कॉल्स में आवाज़ का बिगड़ना या ऐप्स का फ्रीज़ होना या प्रिंटिंग में आने वाली समस्याएं.
QPR क्या होता है?
यह क्वार्टरली प्लेटफॉर्म रिलीज़ का छोटा रूप है. गूगल हर साल बड़े एंड्रॉयड वर्ज़न के बीच में इन रिलीज़ के जरिए छोटे-छोटे सुधार और बग्स फिक्स करता है. ये अपडेट बिना किसी बड़े प्रचार के आते हैं, लेकिन यूज़र्स के एक्सपीरियंस को काफी बेहतर बनाते हैं. यह पहला बीटा वर्ज़न सितंबर 2026 में आने वाले फीचर ड्रॉप की तैयारी है और इसमें अप्रैल 2026 का सिक्योरिटी पैच भी शामिल है.
इस अपडेट में सबसे बड़ा फायदा ऑडियो और वॉइस कॉल्स से जुड़े सुधारों में मिला है. कई यूज़र्स को VoIP ऐप्स में कॉल करते समय अजीब सी आवाज की दिक्कत होती थी जिसमें हार्डवेयर प्रोसेसिंग की वजह से डिस्टॉर्शन और फेज कैंसिलेशन हो जाता था. अब यह समस्या सुलझ गई है. इसके अलावा लंबे ऑडियो प्लेबैक के दौरान डायरेक्ट ऑडियो आउटपुट में आने वाली गड़बड़ियां भी दूर की गई हैं. अब फोन लंबे समय तक ऑडियो चलाने या भेजने पर भी ठीक से काम करेगा.
इसके अलावा ऐप्स की स्टेबिलिटी पर भी ध्यान दिया गया है. डिफॉल्ट प्रिंट सर्विस में लो इंक होने वाले क्रैश अब नहीं होगा, जिसकी वजह से प्रिंट जॉब्स अटक जाते थे. टर्मिनल ऐप में ANR एरर की समस्या भी अब ठीक हो गई है, जो पहले ऐप को ही नहीं बल्कि पूरे फोन को ही अनरिस्पॉन्सिव बना देती थी. इनके अलावा सिस्टम की रिस्पॉन्सिवनेस में भी कुछ मामलों में सुधार किया गया है.
किन फोन्स में मिलेगा अपडेट?
यह अपडेट Pixel 6 Series से लेकर Pixel 10 Series के लगभग सभी मॉडल्स पर उपलब्ध है. इसमें Pixel 6, 6 Pro, 6A, 7 Series, 8 Series, 9 Series, Pixel 10, Pixel 10 Pro, Pixel 10 Pro XL, Pixel 10 Pro Fold, Pixel 10a और पिक्सल टैबलेट्स (Pixel Tablets) भी शामिल हैं. पुराने पिक्सल 6 यूज़र्स को भी सपोर्ट मिलना अच्छी बात है, जो गूगल की सॉफ्टवेयर अपडेट पॉलिसी की ताकत को दिखाता है.
नया अपडेट इंस्टॉल कैसे करें?
इसे इंस्टॉल करने के लिए आपको एंड्रॉइड बीटा प्रोग्राम (Android Beta Program) में एनरोल्ड होना चाहिए. अगर आप पहले से इसमें हैं तो सेटिंग्स में अपडेट चेक करें. नया अपडेट ओटीए के रूप में आएगा. ध्यान रखें कि बीटा इंस्टॉल करने से पहले अगर आप प्रोग्राम से बाहर निकलते हैं तो डेटा सुरक्षित रहता है लेकिन बाद में निकलने पर फोन रीसेट हो सकता है. इस कारण बैकअप जरूर लें.
बीटा यूजर्स फीडबैक ऐप के जरिए अपनी राय दे सकते हैं कि उन्हें गूगल के नए अपडेट के जरिए किए गए बदलाव कैसे लगें. यूज़र्स अच्छा या बुरा फीडबैक दे सकते हैं, जिसके अनुसार गूगल अपने इस अपडेट को बेहतर बनाएगा. कुल मिलाकर, यह अपडेट उन छोटी परेशानियों को दूर करता है जो बड़े फीचर्स की परछाई में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं. सितंबर में इसका स्टेबल वर्जन आने तक बीटा यूजर्स इन सुधारों का मजा पहले ले सकेंगे


