Thursday, June 25, 2026

मुहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुमला पुलिस पूरी तरह अलर्ट है.

Share

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुमला पुलिस पूरी तरह सतर्क है. पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन चांडाली में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. मॉक ड्रिल में पुलिस जवानों को दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं त्वरित कार्रवाई से संबंधित विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया. अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों ने संभावित उपद्रव की स्थिति का प्रदर्शन करते हुए उसे नियंत्रित करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया.

सार्जेंट अभिमन्यु कुमार के नेतृत्च में हुआ मॉक ड्रील

जवानों को सुरक्षा घेरा बनाना, भीड़ को नियंत्रित करना, उपद्रवियों को चिन्हित कर कार्रवाई करना, वायरलेस संचार व्यवस्था को सुचारू रखना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के गुर सिखाए गए. साथ ही दंगा नियंत्रण उपकरणों और सुरक्षा संसाधनों के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी गई. मॉक ड्रिल का नेतृत्व सार्जेंट अभिमन्यु कुमार ने किया. उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है. किसी भी परिस्थिति में धैर्य, सतर्कता और अनुशासन बनाए रखते हुए कानून-व्यवस्था कायम रखना प्राथमिक दायित्व है.

आम नागरिकों की सुरक्षा भी पुलिस की जिम्मेदारी

सार्जेंट ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल शांति व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रखना भी है. उन्होंने जवानों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें. सोशल मीडिया पर भी निगरानी बनाए रखने और सूचना मिलने पर त्वरित प्रतिक्रिया देने पर जोर दिया गया.

इस बार गुमला शहर में नहीं निकलेगा जुलूस

जानकारी के अनुसार इस वर्ष गुमला शहर में मुहर्रम का जुलूस नहीं निकलेगा, लेकिन जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों एवं आसपास के गांवों में ताजिया और जुलूस की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की है. संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

Table of contents [hide]

Read more

Local News