रांचीः जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 के रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने धनबाद डायमंड्स को 7 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की. हाई स्कोरिंग मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया लेकिन अंत में जमशेदपुर की टीम जीत हासिल करने में सफल रही.
20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन का मजबूत स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए जमशेदपुर स्टीलर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार रन बटोरते रहे. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद डायमंड्स की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गई.

32 गेंदों पर 63 रन
इस मैच में धनबाद डायमंड्स के राम रौशन शरण ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर 63 रन बनाए. उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। हालांकि उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी.
गेंदबाजी में धनबाद के शमशाद अहमद ने बेहतरीन प्रदर्शन
गेंदबाजी में धनबाद के शमशाद अहमद ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 39 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें मैच का फाइटर ऑफ द मैच भी चुना गया. शमशाद को मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज भी माना गया.

ऑलराउंड प्रदर्शन
वहीं जमशेदपुर स्टीलर्स के रवि शर्मा ने ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने बल्लेबाजी में 19 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे. इसके अलावा गेंदबाजी में 3 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट भी झटके. शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रवि शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
अंक तालिका
टूर्नामेंट की अंक तालिका में अब कोयलांचल सुपर किंग्स 2 मैचों में 2 जीत और 4 अंकों के साथ शीर्ष पर है. रांची टाइटंस भी 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. जमशेदपुर स्टीलर्स की यह जीत उन्हें अंक तालिका में मजबूती प्रदान करेगी, जबकि धनबाद डायमंड्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है.

झारखंड टी-20 लीग में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं और आने वाले मैचों में प्लेऑफ की दौड़ और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है.


