Wednesday, November 11, 2026

अंतरराष्ट्रीय भारत समिट में झारखंड की आवाज बनेंगे ऋषीकेश सिंह, 100 देशों के प्रतिनिधियों की होगी भागीदारी

Share

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले दूसरे भारत समिट में विशिष्ट प्रतिनिधि के रूप में आमंत्रित किया गया है। तेलंगाना सरकार की ओर से आयोजित यह समिट 12 से 14 नवंबर 2026 तक हैदराबाद में होगा। इसमें भारत सहित करीब 100 देशों के प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की संभावना है।

युवा नेतृत्व और राजनीति पर रखेंगे विचार

समिट का विषय ‘Forging a New World’ रखा गया है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऋषीकेश सिंह युवा नेतृत्व, राजनीति और मौजूदा सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस ने इसे झारखंड के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस मंच के जरिए राज्य के युवाओं और उनकी आकांक्षाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने का अवसर मिलेगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई

ऋषीकेश सिंह को समिट में आमंत्रित किए जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी है।

छात्र राजनीति से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि ऋषीकेश सिंह ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। संगठन के प्रति समर्पण, निरंतर प्रयास और मेहनत के जरिए उन्होंने प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

राकेश सिन्हा के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय समिट में आमंत्रित होना ऋषीकेश सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ झारखंड कांग्रेस और राज्य के युवाओं के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऋषीकेश सिंह इस मंच पर झारखंड की आवाज और युवा नेतृत्व की अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से रखेंगे।

Read more

Local News