Wednesday, July 1, 2026

हजारीबाग नगर निगम को पहली तिमाही में कुल 6 करोड़ 9 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है.

Share

Hazaribagh: हजारीबाग नगर निगम को पहली तिमाही में कुल 6 करोड़ 9 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. इसक साथ ही 649 नए हाउसहोल्ड का रजिस्ट्रेशन किया गया. राजस्व संग्रहण के मामले में वार्ड संख्या 12 सबसे आगे रहा.

  • हजारीबाग नगर निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार राजस्व संग्रहण के मामले में वार्ड संख्या 12 सबसे आगे रहा. इस वार्ड से प्रतिवर्ष लगभग 1 करोड़ 2 लाख 2 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में ही यहां से लगभग 38 लाख रुपये की वसूली की गई है. 
  • राजस्व संग्रहण में वार्ड संख्या 5 दूसरे स्थान पर रहा, जहां वार्षिक राजस्व 94 लाख 98 हजार रुपये निर्धारित है और अप्रैल से जून के बीच करीब 38 लाख रुपये जमा हुए हैं. वहीं वार्ड संख्या 13 तीसरे स्थान पर रहा, जहां से प्रतिवर्ष लगभग 92 लाख 20 हजार रुपये राजस्व प्राप्त होता है तथा प्रथम तिमाही में करीब 34 लाख रुपये का संग्रह किया गया है.
  • वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून) में हजारीबाग नगर निगम को विभिन्न वार्डों से कुल 6 करोड़ 9 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. इस अवधि में निगम क्षेत्र में 649 नए हाउसहोल्ड का पंजीकरण भी किया गया है. नगर निगम क्षेत्र में सूचीबद्ध लगभग 42 हजार हाउसहोल्ड से प्रतिवर्ष करीब 18 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, जो शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
  • इसके अलावा वार्ड संख्या 6 से 35 लाख रुपये, वार्ड संख्या 8 से 25.50 लाख रुपये तथा वार्ड संख्या 7 से 20.58 लाख रुपये राजस्व के रूप में प्राप्त हुआ है. दूसरी ओर, वार्ड संख्या 1 राजस्व संग्रहण के मामले में सबसे पीछे रहा. इस वार्ड की वार्षिक देय राशि 20 लाख 32 हजार रुपये है, लेकिन पहली तिमाही में यहां से केवल 6.39 लाख रुपये ही जमा हो सके हैं.
  • नगर निगम प्रशासन ने समय पर होल्डिंग टैक्स एवं अन्य करों का भुगतान करने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है. निगम अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों द्वारा जमा किए गए कर की राशि से ही शहर में सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट की स्थापना एवं रखरखाव सहित अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन किया जाता है.
Uploaded Image

हजारीबाग नगर निगम ने बताया कि शहर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पेयजल आपूर्ति में सुधार, प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं. निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर करों का भुगतान करें, ताकि शहर के विकास की गति और तेज हो सके तथा सभी वार्डों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें. 

Read more

Local News