बिहार के समस्तीपुर जिले के 15 साल के अद्भुत खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी शनिवार को महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के सबसे कम उम्र के डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए, जिनके नाम लगभग 37 साल तक यह रिकॉर्ड था. बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने एकादश में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में संजू सैमसन की जगह ली है.
- वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल और 99 दिन की उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है. वैभव ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची में टेस्ट मैच खेलकर किया था. इंटरनेशनल डेब्यू के समय सचिन की उम्र 16 साल और 205 दिन थी.
- इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने इस मामले में भारतीय क्रिकेट के ओवरऑल रिकॉर्ड में भी टॉप में अपना स्थान बना लिया है. भारत के लिए महिला क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम है. शेफाली ने 15 साल और 239 दिन की उम्र में भारतीय महिला टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. शेफाली ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 24 सितंबर 2019 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर किया था. अब वैभव ने उनसे भी कम उम्र में भारत के लिए खेलने का गौरव हासिल कर लिया.
- वहीं भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शनिवार को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. इंग्लैंड ने भी अपनी अंतिम एकादश में दो बदलाव किए. टीम में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई, जबकि तेज गेंदबाज जोश टंग को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का अवसर मिला.
दोनों टीमों के बीच चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेला गया पहला टी20 मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था. उस मैच में भारत ने सात विकेट पर 189 रन बनाए थे, लेकिन बारिश के कारण दूसरी पारी शुरू नहीं हो सकी.


