Saturday, September 12, 2026

लातेहार में गणेश पूजा की तैयारियां तेज, नगर पंचायत के ईओ ने पूजा स्थलों का लिया जायजा.

Share

लातेहार: शहर में गणेश पूजा को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने शहर के प्रमुख पूजा स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने डुरूआ, मुख्य पथ और पहाड़पुरी स्थित गणेश पूजा स्थलों का जायजा लेकर नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूजा परिसरों में साफ-सफाई समेत श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। पूजा आयोजकों से भी व्यवस्था को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई।

सोमेश्वर शिव मंदिर में रजत जयंती समारोह

रेलवे स्टेशन के डुरूआ इलाके में स्थित सोमेश्वर शिव मंदिर परिसर में इस वर्ष गणेश पूजा महोत्सव का 25वां आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 14 सितंबर को सुबह 9 बजे पूजा-अर्चना के साथ होगी। शाम को आरती का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष ललित पांडेय के अनुसार, 15 सितंबर को सुबह 8 बजे पूजा होगी और दोपहर 1:30 बजे से भंडारा आयोजित किया जाएगा। वहीं, 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे के बाद नगर भ्रमण और प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम रखा गया है।

आयोजन की तैयारियों में समिति के उपाध्यक्ष जयराम कपूर, सुनील, सचिव प्रवीण अग्रवाल समेत अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।

मेन रोड और पहाड़पुरी में भी आयोजन

शहर के मेन रोड में ग्रीन क्लब की ओर से भी तीन दिवसीय गणेश पूजा की तैयारी की जा रही है। यहां भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाएगी। आयोजन को लेकर विजय प्रसाद, ब्रजेश अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, बजरंगी प्रसाद, विनय प्रसाद और अन्य सदस्य सक्रिय हैं।

वहीं, पहाड़ के नीचे स्थित पहाड़पुरी इलाके में भी दो दिवसीय गणेश पूजा की तैयारी शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा को लेकर आयोजकों को निर्देश

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने पूजा समितियों से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पूजा स्थल के आसपास अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने और बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद जयराम कपूर, नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा और नगर पंचायत के क्षेत्र पर्यवेक्षक रंधीर कपूर भी मौजूद रहे।

Read more

Local News