इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का प्लेऑफ का रास्ता साफ हो गया है, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है. उन्होंने रविवार (24 मई) को अपने आखिरी लीग मैच में मुंबई इंडियंस को उन्हीं के घर में 30 रनों से हरा दिया है. इसके साथ पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई.
वानखेड़े में खेले गए मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 175 रन ही बना सकी.
राजस्थान की तरफ से जायसवाल (27), जुरेल (38), शानाका (29) और जोफ्रा आर्चर ने (32) रनों का योगदान दिया. वहीं गेंदबाजी में जोफ्रा सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में केवल 17 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. इसके अलावा बर्गर, शर्मा और पंजा को 2-2 विकेट मिले.
वहीं मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 60 रनों की पारी खेली. इसके अलावा विल जैक्स 33 और कप्तान पांड्या ने 34 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. गेंदबाजी में दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जैक्स, गजनफर और बॉश को एक-एक विकेट मिला.


