Tuesday, June 16, 2026

रांची यूनिवर्सिटी एकेडमिक काउंसिल की बैठक एक साल बाद होने वाली है.

Share

रांचीः लगभग एक वर्ष के अंतराल के बाद रांची विश्वविद्यालय में एकेडमिक काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शिक्षा, पाठ्यक्रम, विभागीय पुनर्गठन और नई शिक्षा नीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक के लिए कुल 27 एजेंडे तैयार किए हैं, जिन पर विचार-विमर्श के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है.

विश्वविद्यालय प्रबंधक के अनुसार बैठक में नए विषयों और विभिन्न पाठ्यक्रमों को स्वीकृति देने का प्रस्ताव रखा जाएगा. बदलते शैक्षणिक परिदृश्य और विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई नए कोर्स शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं. इसके अलावा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के पुनर्गठन से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी. यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.

एनईपी-2020 के क्रियान्वयन पर होगी चर्चा

विश्वविद्यालय में पहले से लागू विभिन्न प्रावधानों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी शैक्षणिक सत्रों के लिए नई रणनीति तैयार की जा सकती है. एनईपी के अनुरूप पाठ्यक्रमों में बदलाव, बहुविषयक शिक्षा, कौशल आधारित अध्ययन और विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों पर भी विचार किया जाएगा.

बैठक में ये दो एजेंडे भी शामिल होंगे

स्वास्थ्य और मनोविज्ञान के क्षेत्र में विशेष पहचान रखने वाले रिनपास (RINPAS) और सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP) में नए पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं. इन संस्थानों में नए कोर्स शुरू होने से विद्यार्थियों को विशेषीकृत शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा एवं मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार विज्ञान के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी.

बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए जाने वाले अंक पत्र, डिग्री और प्रमाण पत्रों के प्रारूप में बदलाव भी है. विश्वविद्यालय प्रशासन नए स्वरूप को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और उपयोगी बनाने की दिशा में काम कर रहा है. इस संबंध में अंतिम निर्णय एकेडमिक काउंसिल की मंजूरी के बाद लिया जाएगा.

रांची यूनिवर्सिटी के कुलसचिव ने दी जानकारी

इस संबंध में रांची विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजकुमार शर्मा ने बताया कि एकेडमिक काउंसिल की बैठक विश्वविद्यालय के लिए काफी महत्वपूर्ण है. इसमें 27 विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी. नए पाठ्यक्रमों की स्वीकृति, विभागीय पुनर्गठन, नई शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं तथा रिनपास और सीआईपी में नए कोर्स शुरू करने जैसे प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बैठक में लिए जाने वाले निर्णय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे

Read more

Local News