रांचीः जिला प्रशासन की पहल पर साप्ताहिक जनता दरबार आम लोगों के लिए बड़ी राहत का जरिया बनता जा रहा है. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को जिला के विभिन्न अंचल और प्रखंड कार्यालयों में आयोजित जनता दरबार में सैकड़ों आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया.
इस दौरान राजस्व और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे दूर-दराज से पहुंचे लोगों को तत्काल राहत मिली. मांडर प्रखंड में सुल्तान अंसारी और सुचिता तिर्की को वृद्धा पेंशन की स्वीकृति दी गई, वहीं खादी उरांव को आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत किया गया.

सोनाहातु अंचल में संतोष लोहरा को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र मिला, जबकि करमी देवी के पंजी-2 में सुधार कर लगान रसीद जारी की गई. अनगड़ा अंचल में भी भूमि से जुड़े कई मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें पंजी-2 सुधार और प्लॉट संख्या दर्ज करने जैसे कार्य शामिल रहे. मांडर अंचल में प्रवीण कुमार को म्यूटेशन संबंधी शुद्धि पत्र और अजय उरांव के खाता में सुधार किया गया.

आंकड़ों पर नजर डालें तो बेड़ो अंचल में सबसे अधिक 253 आवेदन निष्पादित हुए, जबकि नगड़ी में 206, रातू में 126 और अनगड़ा में 120 मामलों का समाधान किया गया. इसके अलावा बुढ़मू, मांडर, चान्हो, सिल्ली, खलारी, हेहल, राहे और ईटकी अंचलों में भी बड़ी संख्या में मामलों का निष्पादन हुआ. इन आवेदनों में आवासीय, जाति, आय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पेंशन, केसीसी सत्यापन और पंजी-2 सुधार जैसे महत्वपूर्ण मामलों को प्राथमिकता दी गई.

रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है. सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो.


