Wednesday, September 16, 2026

बेटी के जन्म पर पौधा लगाने की अपील, लातेहार में डीसी ने किया पौधरोपण.

Share

लातेहार। पोषण माह और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बुधवार को लातेहार जिला कार्यालय परिसर स्थित वेयर हाउस में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार और उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने फलदार पौधे लगाए।

“एक पेड़ मां के नाम” के तहत हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम का आयोजन “एक पेड़ मां के नाम” पहल के तहत किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार ने लोगों से अपील की कि घर में बेटी के जन्म के अवसर पर पौधरोपण को एक सकारात्मक परंपरा के रूप में अपनाएं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से एक ओर बेटियों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

पोषण वाटिका विकसित करने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक परिवार में पोषण वाटिका विकसित करने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि घर के आसपास फलदार पौधे लगाने से परिवारों को पौष्टिक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता में मदद मिल सकती है।

उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने संबंधित कर्मियों को गृह भ्रमण के दौरान परिवारों को फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने पोषण वाटिका के माध्यम से परिवारों में पोषणयुक्त आहार की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विभागीय कर्मी और लाभुक रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनीता कुमारी, महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी सेविकाएं और लाभुक मौजूद रहे।

अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक परिवारों को पौधरोपण से जोड़ने पर जोर दिया।

Read more

Local News