रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के सहयोग से किया गया, जिसमें एयरपोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने सरकारी कार्यालयों में हिंदी के महत्व, उसके प्रभावी उपयोग और दैनिक कार्यों में राजभाषा को अधिक सरल एवं व्यवहारिक बनाने जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के बढ़ते उपयोग और इसकी उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।
यह आयोजन गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की पहल के तहत किया गया। समिति का उद्देश्य विभिन्न सरकारी संस्थानों में राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना और हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया और उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की गतिविधियां कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों में राजभाषा के अधिक प्रभावी उपयोग को भी प्रोत्साहित करेंगी।


