Thursday, July 16, 2026

डीपीएस बोकारो के 107 विद्यार्थियों ने कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट में हासिल की सफलता.

Share

बोकारो: दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों ने मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट में सफलता हासिल की है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद स्कूल के कुल 107 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्तरों की बेल्ट प्राप्त की।

स्कूल के अनुसार, प्राइमरी विंग के 78 विद्यार्थियों और सीनियर विंग के 29 विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक ग्रेडिंग टेस्ट पास किया। उनकी तकनीकी दक्षता और प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अलग-अलग श्रेणियों की कराटे बेल्ट प्रदान की गई।

गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने सफल विद्यार्थियों को बेल्ट के साथ टेंशिनकान शोतोकान रियू कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी ग्रेडिंग प्रमाणपत्र भी सौंपे।

इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और शारीरिक फिटनेस विकसित करने का प्रभावी साधन भी है। उन्होंने सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान टेंशिनकान शोतोकान रियू कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक शिहान खेदू गोराई सहित विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक भी उपस्थित रहे।

Read more

Local News