Thursday, September 17, 2026

रांची एयरपोर्ट पर कड़सा नृत्य से हुआ यात्रियों का स्वागत, यात्री सेवा और स्वच्छता अभियान शुरू.

Share

रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर गुरुवार को पारंपरिक लोक संस्कृति और सेवा गतिविधियों का संगम देखने को मिला। ‘कड़सा’ लोक नृत्य की प्रस्तुति और सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के बीच एयरपोर्ट पर ‘यात्री सेवा अभियान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की गई।

पारंपरिक अंदाज में हुआ यात्रियों का स्वागत

अभियान के शुभारंभ के मौके पर आगमन टर्मिनल पर यात्रियों का विशेष सांस्कृतिक स्वागत किया गया। पारंपरिक परिधान में मौजूद महिलाओं ने पीतल के कलश, थाली और फूलों के साथ यात्रियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया।

वहीं, ढोल की थाप पर स्थानीय कलाकारों ने कड़सा लोक नृत्य पेश किया। लोक नृत्य की इस प्रस्तुति ने एयरपोर्ट के माहौल को झारखंड की पारंपरिक संस्कृति से जोड़ दिया।

एयरपोर्ट कर्मचारियों ने गाया वंदे मातरम्

सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद दोनों अभियानों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारी और कर्मचारी एक साथ जुटे और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।

यात्रियों की सुविधा पर रहेगा जोर

‘यात्री सेवा अभियान’ के तहत एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा। यात्रियों की जरूरतों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने और उनके एयरपोर्ट अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

परिसर की सफाई के लिए चलेगा अभियान

दूसरी ओर, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत एयरपोर्ट परिसर में व्यापक साफ-सफाई गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसका उद्देश्य परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर बनाए रखना है।

इस मौके पर एयरपोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों की सुविधा के साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Read more

Local News