रैक व कोच की भी व्यवस्था कर ली गई है, लेकिन अभी तक बोर्ड से ट्रेनों के संचालन की हरी झंडी नहीं मिली है.
दशहरा का त्योहार बीत गया. दीपावली और छठ का पर्व नजदीक है, लेकिन उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन की तरफ से भेजे गए 52 स्पेशल ट्रेनों के प्रस्ताव को अब तक मंजूरी नहीं मिली है. ऐसे में लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, पंजाब और हावड़ा रूट की ट्रेनों में वेटिंग से यात्रियों को दिक्कत हो रही है. उन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही है.
रैक व कोच तैयार : बिहार, मुंबई, पंजाब, जम्मू रूट पर कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू भी कर दिया गया है. इसी कड़ी में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने 52 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा था. इसके लिए समय सारिणी पर काम पूरा हो गया है. रैक व कोच की भी व्यवस्था कर ली गई है, लेकिन अभी तक बोर्ड से ट्रेनों के संचालन की हरी झंडी नहीं मिली है.
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी का कहना है कि 52 स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए प्रस्ताव भेजा गया था. अभी अनुमति नहीं मिल पाई है. मंजूरी मिलते ही ट्रेनों को पटरी पर उतारा जाएगा. इससे त्योहारों पर अपने घरों को जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिल सकेगी.
राजगीर-हरिद्वार पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन 10 से : उत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से 10 अक्तूबर से यात्रियों की सुविधा के लिए राजगीर से हरिद्वार जंक्शन वाया लखनऊ पूजा स्पेशल ट्रेन शुरू की जाएगी. यह ट्रेन 27 दिसंबर तक चलाई जाएगी. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन संख्या 03223 राजगीर हरिद्वार जंक्शन वीकली पूजा स्पेशल 10 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार सुबह 4ः5 बजे राजगीर से चलकर अगली सुबह सवा पांच बजे हरिद्वार जंक्शन पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 03224 हरिद्वार जंक्शन राजगीर वीकली पूजा स्पेशल प्रत्येक शनिवार सुबह 7ः20 बजे हरिद्वार से चलकर अगली सुबह सवा सात बजे राजगीर पहुंचेगी. ट्रेन दोनों ओर से नालंदा, पवापुरी, बिहार शरीफ, वेना, हरनौट, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ जंक्शन, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद और लक्सर स्टेशनों पर ठहरेगी.


