चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत वितरित किए जा रहे राशन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. चाईबासा और चक्रधरपुर के कुछ राशन दुकानों से लाभुकों को ऐसी चना दाल मिलने की शिकायत सामने आई है, जिसमें फंगस लगे होने के साथ-साथ पैकेट की वैधता अवधि (एक्सपायरी डेट) भी समाप्त बताई जा रही है. इस मामले के सामने आने के बाद लाभुकों में नाराजगी है और उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
- जानकारी के अनुसार चाईबासा के मिशनहाता क्षेत्र और चक्रधरपुर के तंबाकू पट्टी इलाके के कुछ लाभुकों ने आरोप लगाया कि उन्हें जन वितरण प्रणाली के तहत जो चना-दाल उपलब्ध कराई गई, वह उपयोग योग्य नहीं थी. कई लोगों का कहना है कि पैकेट खोलने पर दाल में फंगस दिखाई दी. जबकि पैकेट पर अंकित वैधता अवधि भी समाप्त हो चुकी थी. ऐसे में कई परिवारों ने दाल का उपयोग करने के बजाय उसे अलग रखने या फेंकने का निर्णय लिया है.
- घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों ने खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. लोगों का कहना है कि यदि शहरी क्षेत्रों में इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं तो दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में खाद्यान्न की गुणवत्ता की स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है. लोगों ने वितरण से पहले खाद्यान्न की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने की मांग की है.
- इधर राशन दुकानदारों का कहना है कि उन्हें जो सामग्री सरकारी गोदाम से उपलब्ध कराई जाती है, उसी का वितरण करना पड़ता है. उनका दावा है कि खराब गुणवत्ता वाले खाद्यान्न की आपूर्ति यदि हुई है तो इसकी जांच गोदाम स्तर से की जानी चाहिए.
![]()
मामले को लेकर जब जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलखो से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह फिलहाल अवकाश पर हैं. उन्होंने कहा कि अवकाश से लौटने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या आपूर्तिकर्ता की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इस बीच जिला प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित गोदामों में उपलब्ध चना-दाल के स्टॉक की जांच कराई जा सकती है. ताकि जांच में कहीं खराब सामग्री हो तो उसका वितरण तत्काल रोका जा सके. लाभुकों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ भविष्य में गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराने की मांग की है.


