पटना। राज्य के मौसम में अगले चार से पांच दिनों के दौरान विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित अन्य भागों में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के आसार है। जबकि, उत्तर बिहार के 19 जिलों में आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन स्थानों पर 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और इसके आसपास चक्रवाती हवा का परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ मध्य और क्षोभ मंडल में बनने से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण भागों के कैमूर, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद एवं गयाजी के कुछ भागों के तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि के आसार है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई। पूर्णिया के जलालगढ़ में सर्वाधिक वर्षा 35 मिमी दर्ज की गई। प्री-मानसून के दौरान प्रदेश में अब तक सामान्य से 193 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। सामान्य वर्षा का मानक 37.8 मिमी वर्षा है। रविवार को पटना सहित 11 जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना सहित आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण मौसम सामान्य बना रहा। पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस एवं 38.4 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों में वर्षा की स्थिति
लखीसराय के चानन में 32.2 मिमी, भभुआ के मोहनिया में 25.6 मिमी, नालंदा के सरमेरा में 25.2 मिमी, जमुई के लक्ष्मीपुर में 22.6 मिमी, मुंगेर के संग्रामपुर में 22.4 मिमी, नालंदा के बिंद में 20 मिम, गयाजी में 18.8 मिमी, कटिहार के मनीहारी में 18.2 मिमी दर्ज की गई।
वहीं नालंदा के सिलाव में 17.4 मिमी, दरभंगा के जाले में 17.2 मिमी, सीतामढ़ी के डुमरा में 16.8 मिमी, भभुआ के अधवारा में 14.8 मिमी, नवादा के रजौली में 14.8 मिमी, औरंगाबाद में 14.6 मिमी दर्ज की गई।
इसके अलावा शेखपुरा में 14.2 मिमी, बेगूसराय के मटियानी में 12.6 मिमी, नालंदा के अस्थावां में 12.4 मिमी एवं पूर्णिया के श्रीनगर में 12.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान( डिग्री सेल्सियस में)
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 33.9 | 23.4 |
| गया जी | 33.4 | 19.0 |
| भागलपुर | 31.7 | 21.6 |
| मुजफ्फरपुर | 32.0 | 24.2 |


