उत्तराखंड के लिए गर्व और खुशी की खबर है. पहाड़ की होनहार खिलाड़ी महक चौहान का चयन भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में हुआ है. महक अब 16 और 17 मई 2026 को उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होने जा रही ‘सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s चैंपियनशिप’ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. उनके चयन की खबर सामने आते ही उत्तराखंड रग्बी संघ समेत पूरे खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है.
फलक पर छायी उत्तरकाशी की बेटी: बता दें कि उत्तरकाशी की रहने वाली महक चौहान लंबे समय से रग्बी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करती आ रही हैं. सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई. महक इससे पहले भारतीय अंडर 18 और अंडर 20 महिला रग्बी टीम का भी हिस्सा रह चुकी हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया था.

पहाड़ की पगडंडियों से निकली और ‘महक’ गई: अब सीनियर भारतीय टीम में चयन उनके खेल करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. महक की सफलता को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है. पहाड़ की पगडंडियों से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन महक ने ये साबित कर दिया कि यदि प्रतिभा के साथ समर्पण और मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रहता.

उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का फूला सीना: उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी महक की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है. एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी और फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि महक ने पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि महक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगी.
बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं महक चौहान: महक चौहान की इस उपलब्धि ने ये भी दिखाया है कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. बस जरूरत है, उन्हें सही मंच और बेहतर सुविधा मुहैया कराने की. आज महक चौहान प्रदेश की उन बेटियों में शामिल हो गई हैं, जो अपने दम पर नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा दे रही हैं.


