Sunday, September 27, 2026

मोरहाबादी वेंडर मार्केट सोमवार को रहेगा बंद, दुकानदारों ने निगम के खिलाफ खोला मोर्चा.

Share

रांची: नगर निगम से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के विरोध में मोरहाबादी वेंडर मार्केट के दुकानदारों ने सोमवार को 24 घंटे दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है। मार्केट में हुई बैठक के बाद संघ के अध्यक्ष डॉ. रौशन कुमार साहू ने बंद की घोषणा की। दुकानदारों का कहना है कि उनकी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यह विरोध किया जा रहा है।

अवैध वसूली का लगाया आरोप

दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड उनसे कथित तौर पर अवैध रूप से पैसे की मांग करते हैं। उनका कहना है कि मांग पूरी नहीं करने पर नोटिस दिया जाता है। दुकानदारों ने निगम के रवैये पर नाराजगी जताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।

सफाई और पानी की व्यवस्था पर सवाल

दुकानदारों के अनुसार, मार्केट में कचरा रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। पानी की सुविधा भी ठीक नहीं है और शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होती। शौचालय से आने वाली बदबू और बार-बार भरने वाले सेफ्टी टैंक की समस्या का भी उन्होंने उल्लेख किया।

इसके अलावा दुकानदारों ने बिजली व्यवस्था में सुधार, पूरे मार्केट में मजबूत वायरिंग और खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने की मांग की है।

अतिरिक्त सुविधाओं और सुरक्षा की मांग

दुकानदारों ने बर्तन धोने के लिए अलग स्थान, ग्राहकों के बैठने के लिए शेड और बेंच की व्यवस्था करने की मांग की है। महिलाओं और रात के समय सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गार्ड की नियुक्ति की मांग भी रखी गई है।

किराया बढ़ाने और कार्रवाई का विरोध

दुकानदारों ने मासिक किराए में 500 रुपये की बढ़ोतरी का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि एफ-1 से एफ-52 तक कई दुकानदारों को कम जगह में दुकानें आवंटित की गई हैं।

इसके अलावा सिगरेट बेचने के आरोप में सामान जब्त किए जाने और बिना जब्ती सूची के कार्रवाई किए जाने का भी दुकानदारों ने विरोध किया है।

डॉ. रौशन कुमार साहू ने कहा कि दुकान आवंटित होने के बाद से नगर निगम का रवैया मार्केट के प्रति ठीक नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि दुकानदार अपनी मांगों के समर्थन में 24 घंटे दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराएंगे।

Read more

Local News