मोतिहारी: नेपाल में हिंसा के बाद के बावजूद बिहार में 5 विदेशी नागरिक प्रवेश कर गए. SSB ने सतर्कता के साथ सभी को गिरफ्तार कर लिया है. पांचों विदेशी नागरिक में 4 सूडानी और एक बोलीवियन शामिल है. सभी नेपाल सीमा से होकर भारत क्षेत्र में प्रवेश किए हैं.
मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार पकड़े गए विदेशियों में सूडान के अब्दुल फितह (44), रमा सिद्दीकी (38), अली अब्दुल गफ्फार (27), अहमद डफआला (37), और बोलीविया का मिगुएल सोलानो चावेज (32) शामिल हैं. सभी से पूछताछ की जा रही है.
पटना जाने के फिराक में थे विदेशी: एसपी ने बताया कि SSB को सूचना मिली कि पांच विदेशी नागरिक भारत के सीमा क्षेत्र में प्रवेश किए हैं. सभी मोतिहारी बस स्टैंड से बस में सवार होकर 20 सितंबर की रात 9 बजे पटना जाने वाले थे. पहले से एक व्यक्ति इन सभी का बस का टिकट करा चुका था.
बस स्टैंड से गिरफ्तार: पुलिस ने बताया कि जब पुलिस मोतिहारी बस स्टैंड में छापेमारी करने पहुंची तो बचने के लिए ये लोग बस स्टैंड परिसर में छिप थे. इसी दौरान पुलिस की नजर पड़ी कि पांच लोग अंधेरा में खुद को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं. इसी दौरान सभी को गिरफ्तार कर लिया गया.
हैदराबाद में करते हैं पढ़ाई: एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान सूडानी नागरिकों ने बताया कि वे सभी हैदराबाद में पढ़ाई करते हैं. हालांकि नेपाल सीमा से भारत आने का कारण नहीं बता पाए. बोलीविया का नागरिक भी अपने आने का उद्देश्य स्पष्ट नहीं कर सका. इनके पास से कई संदिग्ध दस्तावेज उर्दू में लिखे नोट्स और पुस्तकें बरामद हुई हैं. पुलिस ने आईबी को इसकी सूचना दे दी है.
“पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो को सूचित कर दिया है. बरामद दस्तावेजों की जांच विशेषज्ञों से कराई जाएगी. प्रारंभिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.” -स्वर्ण प्रभात, एसपी, मोतिहारी
बता दें कि नेपाल सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर बैन लगाने के खिलाफ युवाओं ने हिंसक प्रदर्शन किया था. 8 सितंबर को शुरू हुए इस हिंसा में करीब 72 लोगों की मौत हुई. प्रदर्शन के बाद सरकार ने सोशल मीडिया पर से बैन हटा दिया. अभी नेपाल में माहौल शांत है. हालांकि भारत-नेपाल बॉर्डर पर सख्ती लागू है.


