Wednesday, August 5, 2026

बोकारो: डीपीएस चास में शुरू हुआ बास्केटबॉल ट्रेनिंग सेंटर, उपायुक्त ने किया उद्घाटन.

Share

बोकारो: जिले के डीपीएस चास परिसर में नए बास्केटबॉल ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम भी हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि खेल के मैदान में किसी खिलाड़ी की पहचान उसके सामाजिक या पारिवारिक पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत, प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक सोच और धैर्य के साथ सामना करने की प्रेरणा देते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास बनाए रखने का संदेश भी दिया।

उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों का मूल्यांकन केवल परीक्षा परिणामों के आधार पर नहीं, बल्कि उनके प्रयास, अनुशासन और निरंतर प्रगति को ध्यान में रखकर भी किया जाए। उनके अनुसार, खेल बच्चों में जीत और हार दोनों को समान भाव से स्वीकार करने की क्षमता विकसित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र युवाओं से अपील की कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे 4 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। साथ ही शिक्षकों से भी विद्यार्थियों और उनके परिवारों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेंद्र नारायण सिंह, विद्यालय की प्राचार्या मनीषा तिवारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बास्केटबॉल खिलाड़ी, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Read more

Local News