पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। वर्षा से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं खेतों में धान की रोपाई कर रहे किसानों के लिए भी मौसम अनुकूल बना हुआ है।
- मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत हो गया है। इसके प्रभाव से 17 जुलाई को बिहार के विभिन्न जिलों में बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पटना समेत इन जिलों में बारिश के आसार
राजधानी पटना और आसपास के इलाकों के अलावा नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, बेगूसराय और शेखपुरा में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है।
बांका और पश्चिमी चंपारण के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बांका और पश्चिमी चंपारण जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मेघ गर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी चंपारण जिले के मैनाटांड़ में लगभग 154.4 मिमी और सिकटा में 126.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही।
कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवा की चेतावनी
मौसम विभाग ने भागलपुर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, जमुई, खगड़िया, मुंगेर, सारण और सीवान सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
इसके अलावा मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, कैमूर (भभुआ), भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। गरज-चमक और तेज हवा के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।


