Saturday, July 4, 2026

पूर्णिया एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू होने की उल्टी गिनती शुरू, 10 से 15 सितंबर के बीच पहली उड़ान संभावित है।

Share

पूर्णिया। अब उड़ान की दहलीज पर पूर्णिया पहुंच गया है। पूर्णिया एयरपोर्ट (Purnia Airport) से विमान सेवा शुरू होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। आगामी 10 से 15 सितंबर के बीच एयरपोर्ट से विमान पहली उड़ान भर सकती है। यह पूर्णिया सहित सीमांचल व उत्तर-पूर्वी बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन होगा और इलाके के लिए नई सुबह की शुरुआत भी।

एयरपोर्ट के शुरू होने से इस पूरे इलाके में विकास के नए द्वार खुलने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करने आएंगे। जिला प्रशासन उनके आगमन की तैयारी में जुट गया है। जिलाधिकारी अशुल कुमार एवं एसपी स्वीटी सहरावत सहित वरीय अधिकारियों ने बुधवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम का मुआयना किया है।

संभावना है कि स्टेडियम में प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर लैंड करेगा तथा स्थानीय रंगभूमि मैदान में वे आम सभा को भी संबोधित करेंगे। उद्घाटन को लेकर पूर्णिया एयरपोर्ट पर भी तैयारी तेज कर दी गई है। वहां टर्मिनल बिल्डिंग, चारदीवारी व सड़क निर्माण को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

निर्माण में देरी से अगस्त में टल गया था उद्घाटन कार्यक्रम

एयरपोर्ट पर निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री का अगस्त में निर्धारित बिहार आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट को उसी समय उद्घाटन के लिए तैयार करने का काम तेजी से किया जा रहा था। मौसमी एवं अन्य बाधाओं के कारण निर्माण समय से पूर्ण नहीं हो पाया।

जिला प्रशासन ने निर्माण एजेंसी एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रतिनिधि को 22 अगस्त तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया था, लेकिन सिविल वर्क सहित कई टेक्निकल कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। टर्मिनल बिल्डिंग में फिनिशिंग का कार्य अधूरा था। साथ ही चारदीवारी का काम भी 75 प्रतिशत ही पूर्ण हो पाया था।

एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए सड़कों का निर्माण भी नहीं हो पाया था। सर्वर लगाने का काम एयरपोर्ट पर शुरू भी नहीं हो पाया था। उद्घाटन को लेकर जब निरीक्षण के लिए बिहार के विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत पूर्णिया पहुंचे तो एयरपोर्ट पर काफी काम अधूरा पाया।

उन्होंने अधिकारियों एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा कर 30 अगस्त तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उस वक्त विकास आयुक्त ने कहा था कि सरकार की कोशिश है कि जल्द से जल्द एयरपोर्ट का काम पूर्ण कर उसे चालू किया जाए।

एयरपोर्ट पर अब अधिकांश कार्य कर लिया गया है पूर्ण

पीएम पैकेज बिहार 15 का हिस्सा रहे पूर्णिया एयरपोर्ट पर निरीक्षण कार्यों को पूर्ण करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। अंतरिम टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे, एप्रोच पथ, तकनीकी कार्य, सुरक्षा व्यवस्था आदि का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। एयरफोर्स के चूनापुर एयरबेस को भी नागरिक उड्डयन के लिए आंशिक रूप से खोलने की योजना पर काम किया जा रहा है। साथ ही एयरपोर्ट पर लगने वाली लाइट के साथ-साथ अन्य कार्यों को भी तेजी से किया जा रहा है।

एयरपोर्ट को जाने वाली सभी सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम भी तेजी से किया जा रहा है। हवाई अड्डा के प्रवेश द्वार पर पूर्णिया विमानपत्तन पर आपका स्वागत है का बोर्ड भी लग गया है जो यह संकेत दे रहा है कि अब जल्द ही यहां से उड़ान सेवा शुरू होने वाली है।

अभी तक उद्घाटन की तिथि और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन एयरपोर्ट से लेकर संभावित सभा स्थल तक अधिकारियों की हलचल से स्पष्ट है कि सितंबर के दूसरे सप्ताह में हवाई सेवा की शुरुआत हो जाएगी।

Read more

Local News