Wednesday, April 15, 2026

पांडेय गिरोह गैंगवार मामले में एटीएस की एंट्री, एसआईटी कर रही पूछताछ –

Share

पलामू के पांडेय गिरोह गैंगवार मामले में एटीएस की एंट्री हुई है. अब एसआईटी के साथ एटीएस भी मामले की जांच करेगी.

पलामू: पांडेय गिरोह गैंगवार के मामले में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की एंट्री हुई है. गैंगवार के मामले में पलामू पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया था. एसआईटी के अलावा अब एटीएस ने भी पूरे मामले में जांच शुरू की है. गैंगवार के मामले में पुलिस ने निशि पांडेय एवं निशांत सिंह को पांच दिनों के रिमांड पर लिया है. पुलिस की टीम दोनों से पूछताछ कर रही है.

पूरे मामले में एटीएस की टीम भी पलामू में कैंप कर रही है और कार्रवाई शुरू की गई है. पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद नेतृत्व कर रहे हैं. दरअसल, 5 जनवरी को पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा गांव में अपराधियों ने रामगढ़ के पतरातू के रहने वाले भरत पांडेय और दीपक साव की गोली मारकर हत्या कर दी थी. भरत के पिता ने हत्याकांड के मामले रामगढ़ के निशि पांडेय, निशांत सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी करवाई थी.

पलामू पुलिस की एसआईटी ने मामले में कार्रवाई करते हुए निशि पांडेय और निशांत सिंह को गिरफ्तार था. दोनों आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, बाद में पलामू पुलिस ने दोनों को पांच दिनों के रिमांड पर लिया है. दोनों से एसआईटी की टीम पूछताछ कर रही है. वहीं हत्याकांड में शामिल शूटरों की तलाश में कई इलाकों में छापेमारी भी की जा रही है.

चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने एटीएस के पलामू आने की पुष्टि की है. दरअसल भरत पांडेय और दीपक साव रामगढ़ के कुख्यात अपराधी रहे हैं और 31 दिसंबर से पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा में रुके हुए थे. जिसको लेकर अब एटीएस की भी तैनाती कर दी गई है, ताकि अपराधियों के गतिविधि पर नजर रख सकें.

Read more

Local News