Gumla News, 9 November 2026: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सोमवार को गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित उरु बारुडीह गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उनके पिता व झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान सुदेश महतो ने निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि मामले से जुड़े तथ्य सामने आ सकें और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो सके।
CBI जांच से सामने आए सच्चाई: सुदेश महतो
सुदेश महतो ने कहा कि निशा भगत की मौत की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उनके अनुसार, यह सामान्य घटना नहीं है और इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंपी जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। जांच में जिन लोगों की भूमिका या लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल
आजसू अध्यक्ष ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से पहले निशा भगत का फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी ने समय रहते सक्रियता नहीं दिखाई।
सुदेश महतो ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए पुलिस-प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही पर सवाल खड़े किए। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया है और सरकार की ओर से अब तक संवेदना व्यक्त नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
परिजनों से मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने उन्हें इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे।
BHARATSUPERFASTNEWS
