Saturday, April 18, 2026

निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कोयला तस्करी और बालू तस्करी समेत कई मुद्दों पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

Share

 विधायक अरूप चटर्जी ने कोयला चोरी, बालू तस्करी, लोहा चोरी, पशु तस्करी सहित कई अवैध गतिविधियों को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि धनबाद में दिनदहाड़े कोयला की अवैध तस्करी हो रही है और पुलिस-प्रशासन इस पर रोक लगाने में विफल है. उन्होंने कहा कि निरसा विधानसभा क्षेत्र में रविवार तक यदि ये अवैध कारोबार नहीं रुके तो सोमवार से वह जनता के साथ सड़क पर उतरेंगे.

विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि निरसा विधानसभा क्षेत्र में करीब 30 भट्ठों के माध्यम से कोयला का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, जहां से रोजाना प्रत्येक भट्ठे से 18 से 20 गाड़ियों के जरिए कोयला की अवैध ढुलाई की जा रही है.

पशु तस्करी और अवैध लॉटरी का भी मामला उठाया

साथ ही उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांगुर मछली और पशु तस्करी भी इलाके में धड़ल्ले से हो रही है. इसके अलावा निरसा अवैध लॉटरी का भी केंद्र बनता जा रहा है. लोहा चोरी के साथ-साथ जलापूर्ति के लिए बिछाए गए लोहे के पाइप को भी काटकर चोर ले जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये अवैध गतिविधियां बगैर पुलिस प्रशासन के मिलीभगत से संभव नहीं है.

बालू तस्करी के चलते जनता परेशान

इस दौरान निरसा विधायक ने बालू की तस्करी का भी मामला उठाया. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को जो बालू 1200 रुपये में मिलना चाहिए, वह अवैध कारोबार के चलते 3000 रुपये में मिल रहा है. इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस-प्रशासन कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के बजाय इन अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगा हुआ है.

सड़क पर उतरने की चेतावनी

निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि पार्टी की ओर से राज्य सरकार को समर्थन देने के कारण अब तक संयम बरता गया, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. अवैध कारोबारियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि जिला प्रशासन दो दिनों के अंदर इन अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई, तो वे जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे.

विधानसभा में भी उठाए थे मुद्दे

उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले की सूचना विधानसभा और धनबाद के वरीय अधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. ऐसे में मजबूर होकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है.उन्होंने कहा कि निरसा में अवैध कारोबार को रोकने के लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. जरूरत पड़ी तो महीनों तक सड़क पर रहकर आंदोलन किया जाएगा.

विधायक ने कहा कि बाहरी लोग यहां अवैध कारोबार से करोड़ों कमा रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग आज भी आर्थिक रूप से पिछड़े हुए हैं. अंत में उन्होंने दोहराया कि यदि दो दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे स्वयं नेशनल हाईवे पर उतरकर अवैध गतिविधियों को रोकेंगे.

Read more

Local News