Saturday, April 18, 2026

धनबाद में मूक बधिर क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा, नेपाल की मूक बाधिर क्रिकेट टीम भी पहुंचेंगे.

Share

धनबाद: कोयलांचल में खेल जगत का एक बेहद खास और प्रेरणादायक आयोजन होने जा रहा है. यहां ऐसे खिलाड़ियों के बीच क्रिकेट मैच खेला जाएगा, जो न सुन सकते हैं और न ही बोल सकते हैं. लेकिन अपने खेल से सबका दिल जीतने का जज्बा रखते हैं. झारखंड मूक बधिर क्रिकेट संघ की ओर से भारत और नेपाल की टीमों के बीच यह मुकाबला आयोजित किया जा रहा है. झारखंड बधिर क्रिकेट संघ के तत्वावधान में अंडर-19 मूक-बधिर खिलाड़ियों के बीच भारत और नेपाल की टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा.

20 से 22 अप्रैल तक खेला जाएगा टूर्नामेंट

आयोजकों के अनुसार, यह मैच 20 और 21 अप्रैल को जामाडोबा स्थित जयलगोरा स्टेडियम में खेले जाएंगे. जबकि फाइनल मुकाबला 22 अप्रैल को धनबाद के रेलवे स्टेडियम में आयोजित होगा. इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. आयोजक रवि शेखर ने बताया कि भारतीय टीम में देश के छह राज्यों के खिलाड़ी शामिल होंगे. जिनमें झारखंड के दो खिलाड़ी भी जगह बना चुके हैं. खास बात यह है कि इनमें एक खिलाड़ी धनबाद का भी है. जिससे स्थानीय लोगों में गर्व और उत्साह है.


खिलाड़ियों को किया जाएगा प्रोत्साहित

टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं. मैन ऑफ द मैच को 11 हजार रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा. वहीं बेस्ट बल्लेबाज, बेस्ट गेंदबाज और बेस्ट फील्डर को 5-5 हजार रुपए से सम्मानित किया जाएगा. यह पहली बार है, जब कोयलांचल क्षेत्र में इस तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर का मूक बधिर क्रिकेट मैच आयोजित किया जा रहा है. जिला प्रशासन की ओर से भी आयोजन को सहयोग दिया जा रहा है. डीसी और एसएसपी के माध्यम से खिलाड़ियों को टी-शर्ट, ट्राउजर और परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है.

इस आयोजन को सफल बनाने में झारखंड किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने धनबाद के खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं. साथ ही इस अनोखे आयोजन को सफल बनाएं

Read more

Local News