Saturday, April 18, 2026

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य में दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की है.

Share

रांचीः RIMS की डेंटल छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में भाजपा ने आंदोलन करने की घोषणा की है. इसके तहत 19 अप्रैल को राजधानी में मशाल जुलूस और 20 अप्रैल को एसएसपी कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है. इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, रांची महानगर, पूर्वी एवं पश्चिमी जिला के द्वारा लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है.

यह मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं हैं- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और रांची की डेंटल छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना हेमंत सरकार की कानून व्यवस्था का भयावह चेहरा दिखाती है. यह केवल अपराध नहीं, बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं हैं. जब एक के बाद एक बेटियों को निशाना बनाया जा रहा है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में लगातार इस प्रकार की घटनाएं घट रही हैं. 3 वर्ष की बच्ची तक को भी अपराधी नहीं बख्श रहे हैं. राज्य सरकार अगर इस प्रकार की घटनाओं में प्रारंभिक दौर में ही कड़ाई से पेश आती तो शायद अपराधियों का दुस्साहस इतना नहीं बढ़ता और इस प्रकार की स्थिति की नौबत नहीं आती. उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन के दोनों कार्यकाल को मिलाकर 10000 से अधिक दुष्कर्म की वारदात हो चुकी है.

तुष्टिकरण की राजनीति में पूरी तरह अंधी हो चुकी है सरकार-आदित्य साहू

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड सरकार तुष्टिकरण की राजनीति में पूरी तरह अंधी हो चुकी है. अपराधियों को तुष्टिकरण के चश्मे से देखकर यह सरकार कार्रवाई करती है. इस प्रकार की अधिकांश घटनाओं में पीड़िता एक समाज से आती है और अपराध करने वाले दूसरे समाज से आते हैं. लड़कियों और महिलाओं को टारगेट करके इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है.

अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होती- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

राज्य सरकार, कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति करती है. मुकदमा नाम के लिए दर्ज होता है, कार्रवाई कुछ होती नहीं. इस कारण अपराधी जेल से बाहर आ जाते हैं और फिर से इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति बेखौफ करते हैं.

राज्य में कहीं भी कोई बेटी सुरक्षित नहीं है. यह स्पष्ट है कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि हम स्पष्ट शब्दों में कहना चाहते हैं, कि नारी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर 19 अप्रैल को भाजपा रांची महानगर के द्वारा शाम 05:30 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस का कार्यक्रम तय है. वहीं 20 अप्रैल को सुबह 11 बजे रांची SSP कार्यालय का घेराव कार्यक्रम कर न्याय की आवाज को बुलंद किया जाएगा.

अपराधियों को तुरंत फांसी दी जाए- आदित्य साहू

SSP कार्यालय घेराव कार्यक्रम, भाजपा रांची महानगर, रांची पूर्वी एवं पश्चिमी जिला के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जाना है. उन्होंने कहा कि इन जघन्य अपराध के दोषियों को तत्काल स्पीडी ट्रायल के माध्यम से फांसी दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी दरिंदा ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके.

Read more

Local News